Gondia News: धान बोनस घोटाला से बचने सख्ती से कर रहा किसानों के दस्तावेजों की जांच

धान बोनस घोटाला से बचने सख्ती से कर रहा किसानों के दस्तावेजों की जांच
  • फर्जी किसानों की जांच-पड़ताल शुरू
  • धान खरीदी केंद्र संचालकों में हड़कंप

Gondia News हाल ही में गडचिरोली जिले में भूमिहीनों के खातों में धान बोनस जमा किए जाने का हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। जिसे लेकर मार्केटिंग फेडरेशन विभाग में खलबली मच गई है। इस तरह के मामले गोंदिया में न हो इस उद्देश्य को लेकर गोंदिया पणन विभाग की ओर से फर्जी किसानों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। यदि जांच-पड़ताल के दौरान फर्जी किसान पाए गए तो संबंधित धान खरीदी केंद्र संचालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिससे धान खरीदी केंद्र संचालकों में खलबली मच गई है।

बता दें कि पंजीकृत धान उत्पादक किसानों को ही राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि के तौर पर धान बोनस दिया जाता है। लेकिन कुछ धान खरीदी केंद्र संचालकों द्वारा भूमिहीनों के नाम भी पंजीकृत किसानों की सूची में शामिल किये जाते हैं और ऐसे फर्जी किसानों के खातों में बोनस की राशि जमा कर लाखों रुपये का घोटाला किया जाता है।

इसी तरह का एक मामला गड़चिरोली जिले में हाल ही में सामने आया है। बताया गया है कि जिनके पास कोई कृषि भूमि नहीं है ऐसे किसानों को धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से पंजीकृत कर बोनस की राशि उनके खातों में जमा की गई। इस तरह का मामला सामने आने से गोंदिया का जिला पणन विभाग अलर्ट हो गया है। इस तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए संबंधित धान खरीदी केंद्रों में जाकर पंजीकृत किसानों की जांच-पड़ताल करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यदि जांच-पड़ताल के दौरान कोई फर्जी किसान पाया जाता है तो संबंधित धान खरीदी केंद्र संचालकों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के आदेश भी दिए गए है। गुरुवार 8 मई से फर्जी किसानों की जांच- पड़ताल को शुरुआत किए जाने से धान खरीदी केंद्र संचालकों में हड़कंप मच गया है।


Created On :   9 May 2025 3:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story