प्रफुल पटेल बोले: क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी इंडिगो की विमान सेवा:

क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी इंडिगो की विमान सेवा:
गोंदिया-हैदराबाद-तिरुपति विमान सेवा का किया उद्घाटन

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। 1 दिसंबर का दिन गोंदिया, भंडारा, बालाघाट जिले के नागरिकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। गोंदिया के बिरसी हवाई अड्डे से इंडिगो की जो विमान सेवा हैदराबाद-तिरुपति के लिए नियमित रूप से शुरू होने जा रही है, यह विमान सेवा भविष्य में क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे इस क्षेत्र का शैक्षणिक, सामाजिक, व्यासायिक वातावरण बदलेगा। साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। हैदराबाद को इस सेवा के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि हैदराबाद इंडिगो का हब है। यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेश जाने के लिए भी कनेक्टेड विमान सेवाएं उपलब्ध हैं। इस विमान सेवा को सफल बनाने के लिए इसका लाभ सभी को उठाना चाहिए। उक्ताशय के उद्गार पूर्व केंद्रीय नागरी उड्डयन मंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रफुल पटेल ने बिरसी हवाई अड्डे पर गोंदिया से हैदराबाद होते हुए तिरुपति की नियमित विमान सेवा के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।

प्रफुल पटेल ने कहा कि नवी मुंबई का एयरपोर्ट बनने के बाद गोंदिया से भविष्य में मुंबई, पुणे के लिए भी नियमित विमान सेवा शुरू होगी। इस अवसर पर सांसद सुनील मेंढे, पूर्व विधायक राजेंद्र जैन, विधायक विनोद अग्रवाल, पूर्व विधायक रमेश कुथे, जिप अध्यक्ष पंकज रहांगडाले, जिलाधिकारी चिन्मय गोतमारे, जिप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल पाटील, पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले, अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद झा, बिरसी हवाई अड्डे के डायरेक्टर शफीक शाह उपस्थित थे। कार्यक्रम में इंडिगो के स्पेशल डायरेक्टर आर.के. सिंह भी वर्चुअली शामिल हुए।

आर.के. सिंह ने गोंदिया से इंडिगो की विमान सेवा शुरू करवाने का श्रेय सांसद प्रफुल पटेल को दिया। उन्होंने कहा कि गोंदिया हवाई अड्डा विश्व प्रसिद्ध कान्हा अभयारण्य के लिए प्रवेश द्वार है। इसका लाभ सारे देश के पर्यटकों को होगा। महाराष्ट्र में कंपनी की यह 8वीं विमान सेवा है। इससे पूर्व वर्ष 2006 में राज्य से पहली विमान सेवा पुणे से दिल्ली के लिए शुरू हुई थी। कार्यक्रम में इंडिगो के अधिकारी वरुण द्विवेदी ने प्रारंभ में सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।

Created On :   2 Dec 2023 12:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story