फसल बर्बाद: बेमौसम बारिश की भेंट चढ़ी 23 करोड़ रुपए की फसलें

बेमौसम बारिश की भेंट चढ़ी 23 करोड़ रुपए की फसलें
चौपट हुई फसल, संकट में घिरे किसान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। नवंबर माह में आई बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया गया है कि यह बारिश किसानों के लिए आफत की बारिश साबित हुई है। कृषि विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि नवंबर की बेमौसम बारिश से 23 करोड़ रुपए की फसल को नुकसान पहुंचा है। जिसका अहवाल शासन को प्रस्तुत कर दिया गया है।

बता दें कि दीपावली पर्व के बाद किसानों ने हलके धान कटाई के बाद भारी प्रजाति के धान की कटाई का काम शुरू कर दिया था। धान काटकर खेतो में रखा गया था। वहीं अधिकांश भारी प्रजाति की धान की फसल खेतो में खड़ी थी की इसी दौरान नवंबर माह के 27 व 28 व अन्य दिनों में बेमौसम बारिश आ गई। इस बारिश ने किसानों को खेतों में रखी धान की फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने का मौका भी नहीं दिया। इस आफत की बारिश से किसानो के हाथ में आई फसल नष्ट हो गई है। नुकसानग्रस्त किसानो के खेतो में जाकर जिला कृषि प्रशासन ने नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया था। जब इसकी रिपोर्ट सामने आई तो नुकसान के आंकडे चौकाने वाले देखे गए। कृषि विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बेमौसम बारिश से 22 करोड़ 79 लाख 80 हजार रूपए की फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिसका अहवाल शासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। नुकसानग्रस्त किसानो ने मांग की है कि रबी अर्थात ग्रीष्मकालीन फसल लगाने के पुर्व नुकसान की राशि शासन द्वारा दी जाए।

25 हजार किसानों का हुआ नुकसान : नवंबर में आई बेमौसम बारिश से धान तथा अन्य मौसमी फसलो को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 13 हजार 417 हेक्टेयर की फसलो को नुकसान पहुंचा है। जिसकी कीमत 22 करोड़ 79 लाख 80 हजार रूपए होती है। इस नुकसान से जिले के 25 हजार 54 किसान फसल नुकसान से प्रभावित हुए है।

Created On :   16 Dec 2023 10:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story