- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शहर में बनाया गया देश का पहला खेल...
Jabalpur News: शहर में बनाया गया देश का पहला खेल मास्टर प्लान

- स्मार्ट सिटी और नगर निगम ने मिलकर किया तैयार
- शुक्रवार को होटल कल्चुरी में नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज 2.0 की कार्यशाला का आयोजन किया गया।
- इससे बच्चों को पार्कों में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
Jabalpur News: नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज 2.0 प्रोजेक्ट के अंतर्गत शुक्रवार को जबलपुर शहर में देश के पहले खेल मास्टर प्लान को लाॅन्च किया गया। खेल मास्टर प्लान में शहर के पार्कों में 5 वर्ष तक के बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का उल्लेख किया गया है। इससे बच्चों को पार्कों में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। खेल मास्टर प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय खेल सेल की भी स्थापना की गई है।
शुक्रवार को होटल कल्चुरी में नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज 2.0 की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बताया गया कि केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज का आयोजन किया था। मूल्यांकन उपरांत जबलपुर शहर को देश के शीर्ष 10 शहरों में स्थान प्राप्त हुआ। देश के 10 शहरों को नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज 2.0 कार्यक्रम में सम्मिलित किया गया।
खेल मास्टर प्लान को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर दीपक सक्सेना एवं निगमायुक्त प्रीति यादव के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। जिसमें स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यशाला में निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि जबलपुर शहर ने 5 साल तक के बच्चों के लिए देश का पहला खेल मास्टर प्लान तैयार किया है। यह दस्तावेज बच्चों को उनके वार्डों, बस्तियों और आस-पड़ोस में खेल की गतिविधियों पर केंद्रित है।
डब्ल्यूआरआई इंडिया की मधुरा कुलकर्णी ने कहा कि खेल केवल एक आवश्यकता नहीं है, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस मौके पर एमआईसी सदस्य राम सोनकर, अपर आयुक्त विद्यानंद बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, उद्यान अधिकारी आलोक शुक्ला एवं स्मार्ट सिटी से सहायक नोडल अधिकारी नर्चरिंग नेबरहुड चैलेंज 2.0 बालेन्द्र शुक्ला मौजूद थे।
Created On :   10 May 2025 6:31 PM IST