जबलपुर: लापरवाही ऐसी 286 प्रकरणों में निगम ने पेश नहीं किए जवाब

लापरवाही ऐसी 286 प्रकरणों में निगम ने पेश नहीं किए जवाब
  • बैठक में खुलासा, निगमायुक्त ने दिखाई सख्ती
  • भवन शाखा के 77 और स्थापना विभाग के 75 प्रकरणों में जवाब पेश नहीं किए गए हैं।
  • नगर निगम के अधिकारी अवमानना के प्रकरणों में भी लापरवाही कर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम के अधिकारी न्यायालय के प्रकरणों में भी लापरवाही कर रहे हैं। विधि विभाग की समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ है कि 286 प्रकरणों में जवाब ही पेश नहीं हुए हैं।

निगमायुक्त प्रीति यादव ने सख्ती दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द प्रकरणों में जवाब पेश किए जाएँ। न्यायालयीन प्रकरणों में जवाब पेश करने के लिए अपर आयुक्त आरपी मिश्रा को ओएसडी नियुक्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा भवन शाखा के 77 और स्थापना विभाग के 75 प्रकरणों में जवाब पेश नहीं किए गए हैं। इसके अलावा संपदा शाखा के 31, अतिक्रमण शाखा के 17, कॉलोनी सेल के 14, बाजार विभाग के 13 और राजस्व विभाग के 10 प्रकरण शामिल हैं।

अवमानना के प्रकरणों में भी लापरवाही

नगर निगम के अधिकारी अवमानना के प्रकरणों में भी लापरवाही कर रहे हैं। वर्तमान में नगर निगम के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों में 49 अवमानना के प्रकरण लंबित हैं। इनमें भी 5 प्रकरणों में जवाब पेश नहीं किए गए हैं।

कई बार लग चुका है जुर्माना

लंबित प्रकरणों में जवाब प्रस्तुत नहीं करने के कारण न्यायालय कई बार नगर निगम पर जुर्माना लगा चुकी है। इसके बाद भी प्रकरणों में जवाब पेश नहीं किया जा रहा है।

Created On :   14 Feb 2024 9:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story