मुंबई: मनपा में भीतरी-बाहरी इंजीनियरों को लेकर विवाद बढ़ा, यूनियन ने लिखा पत्र

मनपा में भीतरी-बाहरी इंजीनियरों को लेकर विवाद बढ़ा, यूनियन ने लिखा पत्र
  • यूनियन ने लिखा मनपा प्रशासन को पत्र
  • सीधी भर्ती वाले अभियंताओं के लिए अलग कोटे की मांग
  • मनपा में कार्यरत इंजीनियरों के प्रमोशन पर असर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगरपालिका में कार्यरत भीतरी और बाहरी इंजीनियरों को लेकर विवाद बढ़ गया है। मनपा प्रशासन ने मनपा में कार्यरत सभी इंजीनियरों के लिए एक कैटेगरी निर्धारित कर कार्यकारी अभियंता पद पर पदोन्नति देने का निर्णय किया है। इसका असर मनपा में पहले से कार्यरत इंजीनियरों की पदोन्नति पर पड़ रहा है। म्युनिसिपल इंजीनियर्स एसोसिएशन ने मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर डायरेक्ट भर्ती वाले इंजीनियरों के लिए अलग कोटा देकर प्रमोशन देने की मांग की है।महानगरपालिका में 5,000 इंजीनियरों के लिए शेड्यूल पोस्ट है। इनमें से करीब 4,500 इंजीनियर विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर मनपा ने अपने शेड्यूल पोस्ट से 10 प्रतिशत इंजीनियरों की सीधी भर्ती की थी। वर्ष 2014 में सीधी भर्ती के जरिए 54 इंजीनियरों की नियुक्ति असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर की गई थी। जिसे मनपा में कार्यरत इंजीनियर्स बाहरी बताते हैं।

प्रमोशन में पीछे होने की आरोप

म्युनिसिपल इंजीनियर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रमेश भुतेकर- देशमुख ने बताया कि असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर भर्ती अभियंताओं (इंजीनियर) के कारण मनपा में पहले से कार्यरत जूनियर इंजीनियर और सब इंजीनियर प्रमोशन में पीछे हो गए हैं। सीधे भर्ती किए गए इंजीनियर युवा हैं। उनकी आयु 30 से 35 वर्ष है। मनपा प्रशासन इनमें से 45 को सीनियर मानकर प्रमोशन देना चाहती है। यह मनपा इंजीनियरों के साथ अन्याय है। 5 से 10 वर्ष पहले से कार्यरत इंजीनियर इनके सामने कभी कार्यकारी अभियंता या मुख्य अभियंता के पद तक नहीं पहुंच पाएंगे।

हड़ताल पर जाने की चेतावनी

रमेश देशमुख ने कहा कि हमने मनपा प्रशासन को सुझाव दिया है कि पदोन्नति वाले असिस्टेंट इंजीनियर और सीधे भर्ती वाले असिस्टेंट इंजीनियर के प्रमोशन के लिए 9-1 का फामूर्ला अपनाया जाना चाहिए। मनपा के 9 असिस्टेंट इंजीनियर को पदोन्नति दें तो एक सीधी भर्तीवाले असिस्टेंट इंजीनियर को पदोन्नत करें। इससे प्रमोशन में अनुपात बना रहेगा। वर्तमान में पदोन्नति को लेकर मनपा इंजीनियरों में भारी रोष है। इसे अभी नहीं सुलझाया गया तो अभियंता हड़ताल पर जा सकते हैं।

Created On :   1 March 2024 3:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story