महाराष्ट्र विधान मंडल: पेश होगा राज्य का अंतरिम बजट, विधान परिषद में चार तालिका सभापति नियुक्त

पेश होगा राज्य का अंतरिम बजट, विधान परिषद में चार तालिका सभापति नियुक्त
  • विधान परिषद में लाड, दराडे, लिंगाडे और दराडे को मौका
  • सदन में मनोहर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित
  • पेश होगा राज्य का अंतरिम बजट

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश सरकार का साल 2024-25 का अंतरिम बजट मंगलवार को पेश होगा। उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री अजित पवार दोपहर 2 बजे विधानसभा में बजट पेश करेंगे। जबकि विधान परिषद में प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के बजट पेश करने की संभावना है। आमतौर पर विधान परिषद में वित्त राज्यमंत्री बजट पेश करते हैं पर फिलहाल शिंदे सरकार में कोई राज्यमंत्री नहीं है। इसके चलते साल 2023-24 के बजट को विधान परिषद में कैबिनेट मंत्री केसरकर ने पेश किया था। देश में आगामी अप्रैल- मई महीने में लोकसभा चुनाव होने हैं। इस कारण राज्य सरकार फिलहाल अंतरिम बजट पेश करेगी। लोकसभा चुनाव पूरे होने के बाद मानसून सत्र के दौरान सरकार साल 2024-25 का अतिरिक्त बजट पेश करेगी। समझा जा रहा है कि अंतरिम बजट पर चुनावी छाप हो सकती है।

विधान परिषद में चार तालिका सभापति - लाड, दराडे, लिंगाडे और दराडे को मौका

विधानमंडल के बजट सत्र के लिए विधान परिषद में चार तालिका सभापति नियुक्त किए गए हैं। सोमवार को बजट सत्र के पहले दिन विधान परिषद में उपसभापति नीलम गोर्हे ने यह घोषणा की। विधान परिषद में भाजपा सदस्य प्रसाद लाड, राकांपा (अजित) के सदस्य अनिकेत तटकरे, कांग्रेस के सदस्य धीरज लिंगाडे और शिवसेना (उद्धव) के सदस्य नरेंद्र दराडे को तालिका सभापति बनाया गया है। तालिका सभापति पद पर राकांपा (शरद) के किसी सदस्यों को शामिल नहीं किया गया है। उपसभापति की गैरहाजिरी में सदन की कार्यवाही तालिका सभापति चलाते हैं।

सदन में मनोहर जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित

विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मनोहर जोशी और वाशिम के भाजपा के विधायक दिवंगत विधायक राजेंद्र पाटणी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सोमवार को विधानसभा में सदन के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने जोशी और पाटणी के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया। नार्वेकर ने पूर्व मुख्यमंत्री जोशी के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के योगदान को याद किया। उन्होंने पाटणी के भी कार्यों को याद किया। दूसरी ओर विधान परिषद में सदन की उपसभापति नीलम गोर्हे ने भी शोक प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद दोनों सदनों में शोक प्रस्ताव को मंजूर किया गया। गत 23 फरवरी को शिवसेना (अविभाजित) के पहले पूर्व मुख्यमंत्री जोशी और भाजपा के विधायक पाटणी का निधन हो गया था। जोशी 14 मार्च 1995 से 30 जनवरी 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे।




Created On :   26 Feb 2024 3:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story