- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुख्यमंत्री फडणवीस ने लगाई...
Mumbai News: मुख्यमंत्री फडणवीस ने लगाई मंत्रियों की क्लास, बोले - आखिरी मौका दे रहा हूं

- मंत्रिमंडल की बैठक में लगाई मंत्रियों की क्लास
- इसके बाद कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटूंगा
- विवादों में रहे हैं ये मंत्री
Mumbai News. मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोनों उपमुख्यमंत्री अजित पवार एवं एकनाथ शिंदे के समक्ष तीनों ही पार्टियों के मंत्रियों की क्लास लगाई। सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने विवादित मंत्रियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जो भी चल रहा है, इससे सिर्फ सरकार की बदनामी हो रही है। फडणवीस ने कहा कि ऐसे मंत्री जिन्हें विवादास्पद बयान देने की लत लग गई है, उन्हें कम से कम मीडिया से दूरी बनाने की जरूरत है। उन्होंने ऐसे मंत्रियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं आखिरी बार आपको मौका दे रहा हूं। इसके बाद कार्रवाई करने से मैं पीछे नहीं हटूंगा।
मंत्रिमंडल की बैठक में क्या हुआ?
कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट और गृह राज्य मंत्री (शहर) योगेश कदम पर विपक्ष हमलावर है। विपक्ष सबसे ज्यादा कोकाटे और योगेश कदम के पीछे पड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक में दो टूक कहा कि यह आखिरी मौका है। अब अगर कोई चूक हुई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयानों से सरकार की छवि को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। जिससे जनता के मन में अविश्वास पैदा हो रहा है। इन घटनाओं से नाराज फडणवीस ने मंत्रियों से कहा कि सरकार की छवि खराब करने वाली हर हरकत पर अब सख्ती से नजर रखी जाएगी। बैठक में उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब कोई भी लापरवाही या गैर-जिम्मेदाराना आचरण सहन नहीं किया जाएगा। सरकार की साख बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। मंत्रियों को लगी फटकार का असर बैठक के बाद उस समय दिखा जब माणिकराव कोकाटे बगैर मीडिया से बात किए मंत्रालय से निकल गए।
विवादों में रहे हैं ये मंत्री
हाल के दिनों में महायुती सरकार के कई मंत्री और विधायक लगातार विवादों में रहे हैं। सबसे अधिक चर्चा में कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे हैं। विधानमंडल के मॉनसून सत्र के दौरान कोकाटे मोबाइल पर ऑनलाइन रमी गेम खेलते हुए कैमरे में कैद हो गए थे। साथ ही कोकाटे कई बार किसानों को लेकर विवादित बयान भी दे चुके हैं। वहीं संजय शिरसाट का भी नोटों से भरे बैग के साथ वीडियो वायरल हो गया था। जिस पर विपक्ष हमलावर है।
Created On :   29 July 2025 9:11 PM IST