- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कांग्रेस आलाकमान ने वर्षा गायकवाड़...
Mumbai News: कांग्रेस आलाकमान ने वर्षा गायकवाड़ को लगाई फटकार, कहा पार्टी बढ़ाने के लिए करें काम

- मुंबई कांग्रेस के कई नेताओं ने राहुल गांधी से मिलकर की थी वर्षा की शिकायत
- पिछले वर्ष भी कई नेताओं ने की थी वर्षा की शिकायत
Mumbai News सोमदत्त शर्मा। मुंबई कांग्रेस में कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। अब मुंबई के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड की शिकायत केंद्रीय आलाकमान एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से की है। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को मुंबई और महाराष्ट्र के बड़े नेताओं ने कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की थी। राहुल गांधी से मुलाकात में पार्टी के एक गुट ने वर्षा गायकवाड़ को मुंबई अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की। पार्टी के कई नेताओं ने राहुल गांधी से मांग करते हुए कहा कि जब से वर्षा मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष बनी हैं, तब से उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलना बंद कर दिया है। जिससे पार्टी का मुंबई में नुकसान हो रहा है। इसके बाद आलाकमान ने वर्षा गायकवाड़ को सभी के सामने फटकार लगाई।
दिल्ली की बैठक की इनसाइड स्टोरी
दरअसल कांग्रेस के केंद्रीय आलाकमान ने महाराष्ट्र और मुंबई के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को बैठक के लिए दिल्ली बुलाया था। इस बैठक की कमान संभाल रहे राहुल गांधी से मुंबई कांग्रेस के कई नेताओं के गुट ने मुलाकात की ओर वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर काम नहीं करने का आरोप लगाया। मुंबई कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर 'दैनिक भास्कर' को बताया कि इससे पहले भी हमने पिछले वर्ष वर्षा गायकवाड़ की आलाकमान से शिकायत की थी, उस समय विधानसभा सभा चुनाव को देखते हुए उन्हें बख्श दिया था। लेकिन मंगलवार को बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के बड़े नेता वर्षा गायकवाड की लगातार शिकायत मिलने से आग बबूला हो गए। यहां तक कि पार्टी आलाकमान ने वर्षा गायकवाड़ को कई नेताओं के सामने फटकार लगाते हुए कहा कि अध्यक्ष होने के नाते सभी को साथ लेकर चलना उनकी जिम्मेदारी है। वर्षा को आदेश देते हुए कहा कि सबसे पहले मुंबई में कांग्रेस के कमजोर नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए।
यह पहला मौका नहीं है कि जब मुंबई कांग्रेस में वर्षा गायकवाड का विरोध हुआ हो। इससे पहले जब वर्षा ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था तो इसके विरोध में कांग्रेस के कई पूर्व नगरसेवकों ने पार्टी छोड़ दी थी। यहां तक की मुंबई कांग्रेस को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था जब मुंबई कांग्रेस के दफ्तर की बिजली को बिल का भुगतान नहीं करने के चलते काट दिया था। इसको लेकर वर्षा गायकवाड़ की महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक खूब किरकिरी हुई थी।
पिछले वर्ष भी कई नेताओं ने की थी वर्षा की शिकायत
लोकसभा चुनाव के बाद पिछले वर्ष भी मुंबई कांग्रेस के कई नेताओं ने कांग्रेस आलाकमान को पत्र लिखकर वर्षा गायकवाड़ की शिकायत की थी। जिन नेताओं ने वर्षा के खिलाफ पत्र लिखा था उनमें राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य चंद्रकांत हंडोरे भी शामिल थे। उस समय भी पार्टी के मुंबई के कई वरिष्ठ नेताओं ने वर्षा गायकवाड़ की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। जिसकी वजह से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मुंबई में सिर्फ एक सीट ही मिली थी।
Created On :   14 May 2025 9:19 PM IST