- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई मनपा चुनाव में महाविकास...
Mumbai News: मुंबई मनपा चुनाव में महाविकास आघाड़ी 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी, उधर अठावले महायुति से मांग रहे महामंडल
- मुंबई भाजपा अध्यक्ष शेलार ने किया दावा-मनपा चुनाव में महाविकास आघाड़ी 50 सीटें भी नहीं जीत सकेगी
- महायुति में मंत्री पद नहीं दिया तो कम से कम महामंडल ही दे दें- रामदास अठावले
Mumbai News. प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने दावा करते हुए कहा कि आगामी मुंबई मनपा चुनाव में विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। बुधवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष शेलार ने कहा कि भाजपा मुंबई मनपा चुनाव महायुति के घटक दलों के साथ मिलकर लड़ेगी। हमें विश्वास है कि महायुति मुंबई मनपा का चुनाव जीतेगी। मुंबई मनपा चुनाव में शिवसेना (उद्धव) और महाविकास आघाड़ी के घटक दल मिलकर 50 सीटें भी नहीं जीत पाएंगे। शेलार ने कहा कि शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने साल 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तल्ख टिप्पणी की थी। उद्धव ने कहा था कि राजनीति में मैं रहूंगा या फडणवीस रहेंगे। राज्य की जनता ने फडणवीस का स्थान कहां पर है और उद्धव की जगह कहां पर है। लेकिन उद्धव की यह टिप्पणी भाजपा के कार्यकर्ताओं को चुभ गया है। मुंबई मनपा चुनाव में यहां की जनता उद्धव को उनका रास्ता दिखा देगी। उल्लेखनीय है कि मुंबई मनपा में कुल 227 सीटें हैं। साल 2017 के मुंबई मनपा चुनाव में शिवसेना (अविभाजित) और भाजपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। जिसमें शिवसेना (अविभाजित) को जीत मिली थी। हालांकि मुंबई मनपा चुनाव के बाद भाजपा ने शिवसेना (अविभाजित) को समर्थन दिया था।
महायुति में मंत्री पद नहीं दिया तो कम से कम महामंडल ही दे दें- रामदास अठावले
देवेंद्र फडणवीस सरकार में छगन भुजबल मंत्री बने तो अब इसको लेकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने मुख्यमंत्री फडणवीस से अलग ही मांग कर डाली है। आठवले ने कहा कि हमारे पास कोई विधायक नहीं है, इसलिए हमें राज्य सरकार में मंत्री पद नहीं मिला। मैं भले ही केंद्र में मंत्री हूं लेकिन राज्य में हमें कम से कम महामंडल तो मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह एनडीए सरकार का हिस्सा हैं, इसलिए केंद्र के साथ-साथ राज्य में भी भागीदारी मिलनी जरूरी है। आठवले ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में जब विधानसभा चुनाव हुआ था तो हमने आधा दर्जन सीटों की मांग की थी। लेकिन हमें सिर्फ एक सीट ही मिली थी और वह भी भाजपा ने अपने कोटे से दी थी। लेकिन उम्मीदवार के चुनाव हार जाने से हमारा विधानसभा में खाता नहीं खुल सका था।
अगर पाकिस्तान पीओके नहीं देता है तो उसके खिलाफ युद्ध करे भारत - आठवले
रामदास आठवले ने कहा कि भारत को पाकिस्तान की कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेना चाहिए। अगर पाकिस्तान ऐसा नहीं करता है तो फिर उसके खिलाफ भारत को युद्ध की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को सबक सिखा दिया है। इसलिए यह पीओके लेने का सही मौका है।
Created On :   21 May 2025 10:10 PM IST