- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राणे बंधुओं में सोशल मीडिया पर फिर...
Mumbai News: राणे बंधुओं में सोशल मीडिया पर फिर तकरार, अब नितेश ने नीलेश को गठबंधन की याद दिलाई

- नीलेश ने भाजपा कार्यकर्ता को धमकाया तो नितेश ने पूछा सवाल
- कुछ दिन पहले भी आमने-सामने आए थे राणे बंधु
Mumbai News. कुछ दिनों पहले एक दूसरे को सुझाव देने के मामले में मीडिया की सुर्खियों में आए राणे बंधू (नीलेश राणे और नितेश राणे) अब एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। राज्य सरकार में मंत्री और भाजपा के नेता नितेश राणे ने अब अपने बड़े भाई नीलेश राणे को सोशल मीडिया पर भाजपा के कार्यकर्ता को भेजे गए मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उन्हें गठबंधन धर्म की याद दिलाई है। दरअसल कुछ दिन पहले नीलेश ने नितेश को शिंदे गुट के नेताओं पर बयानबाजी करने से पहले सोच विचार करने की अपील सोशल मीडिया के माध्यम से की थी। इसके बाद नितेश ने पलटवार भी किया था।
क्या है नया मामला?
मंत्री नितेश राणे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने भाई नीलेश राणे को टैग करते हुए लिखा है कि, आदरणीय नीलेश जी, आपने कुछ दिनों पहले महायुति के संबंधों पर बोला था। लेकिन अब आप खुद मित्र पक्ष (भाजपा) के एक पदाधिकारी को धमका रहे हैं, यह ठीक नहीं है। आखिर में हम महायुति के दल हैं। मैं अपेक्षा करता हूं कि आप इसका ध्यान रखेंगे। दरअसल नितेश राणे ने नीलेश और भाजपा के एक कार्यकर्ता के बीच व्हाट्सएप पर हुए संवाद का एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसमें निलेश भाजपा के कार्यकर्ता को धमकाने की भाषा में बात कर रहे हैं। हालांकि नीलेश ने अभी तक नितेश की इस सोशल मीडिया पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कुछ दिन पहले भी आमने-सामने आए थे राणे बंधु
कुछ दिनों पहले नितेश ने धाराशिव में भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक में शिंदे गुट के नेताओं को आड़े हाथों लिया था। नितेश ने बैठक में कहा था कि भाजपा के मुख्यमंत्री सबके पिता बनकर बैठे हैं, यह सभी को याद रखना चाहिए। जिस पर नीलेश ने सोशल मीडिया पर नितेश को संभलकर बोलने की हिदायत दी थी। निलेश ने यह भी कहा था कि उन्हें यह याद रखना चाहिए कि हम महायुति में हैं। नीलेश की इस सलाह का नितेश ने जवाब भी दिया था और उन्हें टैक्स फ्री बताया था।
क्या सब कुछ नॉर्मल है दोनों भाइयों में?
एक के बाद एक दो घटनाओं में राणे बंधुओं के आमने-सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कानाफूसी हो रही है कि क्या दोनों भाइयों में यह सोशल मीडिया वॉर ही है या फिर वाकई में दोनों के संबंध में दरार आ गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जब से नितेश राणे राज्य सरकार में मंत्री बने हैं, उसके बाद से दोनों ही भाइयों में कम मुलाकातें हो रही हैं। हालांकि दोनों के पिता सांसद नारायण राणे सामान्य ही बता रहे हैं।
Created On :   19 Jun 2025 9:09 PM IST