- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- श्मशान/कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार...
Mumbai News: श्मशान/कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा

- ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग सेवा शनिवार से हुई शुरू
- विकसित किया गया विशेष एप
- अंतिम संस्कार के लिए श्मशान में इंतजार कम करने मुंबई मनपा की पहल
Mumbai News मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित श्मशान भूमि और कब्रिस्तानों में अब अंत्येष्टि के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध शुरू की गई है। इससे लोगों को दिवंगत हुए अपनों की अंत्येष्टि के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी ने जीआईएस आधारित ‘स्मशान प्रबंधन प्रणाली’ नामक एप्लीकेशन विकसित किया है। इसके जरिए लोग शनिवार 19 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
मनपा आयुक्त भूषण गगरानी के निर्देशानुसार मुंबई के नागरिकों को आधुनिक तकनीक पर आधारित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसी कड़ी में बीएमसी सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) आधारित "श्मशान भूमि प्रबंधन प्रणाली (अप्लिकेशन)’ सेवा की शुरुआत की है। इस प्रणाली से लोगों को कागजात लेकर अंतिम संस्कार स्थलों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इसके अलावा लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से स्मशान और कब्रिस्तान में समय तय कर सकेंगे और उसे ऑनलाइन बुक कर लेंगे। जिससे इंतजार के लिए लगनेवाला समय कम हो जाएगा।
इस प्रकार रहेगी सुविधाएं
* मृत व्यक्ति के स्थान से 5 किलोमीटर के भीतर या इच्छानुसार, पूरे मुंबई में श्मशान/कब्रिस्तान में दाह संस्कार के लिए स्लॉट बुक किया जा सकता है। एप्लीकेशन के जरिये श्मशान/कब्रिस्तान में स्लॉट की उपलब्धता देखी जा सकेगी।
* रीति-रिवाजों के अनुसार श्मशान भूमि चुनने का मिलेगा विकल्प।
* अंतिम संस्कार पंजीकरण, उसमें परिवर्तन या रद्दीकरण के बारे में संक्षिप्त संदेश सेवा (एसएमएस) के माध्यम से जानकारी प्राप्त होगी।
* मृत्यु प्रमाणपत्र हासिल करने में होगी मदद
समन्वय स्थापित करने में मदद : अंतिम संस्कार के पंजीकरण के बाद, जनरेट किए गए पंजीकरण क्रमांक से नागरिकों को जानकारी मिल सकेगी। इस प्रणाली से दाह संस्कार या सुपुर्दे खाक के लिए आने वाले नागरिकों के लिए समय तय करना आसान हो जाएगा। यह प्रणाली श्मशान या कब्रिस्तान में कार्यरत कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करने में भी उपयोगी होगी। पंजीकर के लिए नागरिक मनपा की वेबसाइट https://portal.mcgm.gov.in पर आवेदन कक सकते हैं।
शहर में मनपा के 88 अंतिम संस्कार स्थल : मुंबई मनपा अलग-अलग समाज के लिए अंतिम संस्कार स्थल मुहैया कराती है। जिसमें हिंदुओं के 52, मुस्लिम 25, ईसाई 11 के अंतिम संस्कार स्थल हैं।
Created On :   19 July 2025 8:03 PM IST