- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कोस्टल रोड पर स्पीड सेंसिंग कैमरा...
विधान परिषद: कोस्टल रोड पर स्पीड सेंसिंग कैमरा जल्द होगा शुरु, मुंबई में आग के 5 हजार से ध्यादा मामले, मेट्रो लाइन -3 अगस्त में होगी शुरू

- मुंबई शहर में आग की 5 हजार 969 घटनाएं, उपमुख्यमंत्री ने लिखित जवाब में दी जानकारी
- छत्रपति संभाजीनगर में 5 अग्निशमन केंद्र प्रस्तावित
- मेट्रो लाइन -3 कफ परेड तक अगस्त में होगी शुरू
- मुंबई में ढहाए गए 366 अवैध निर्माण
- बीपीएल कंपनी का 3 करोड़ 74 लाख संपत्ति कर बकाया
Mumbai News. दक्षिण मुंबई के नरिमन पाईंट से वरली तक कोस्टल रोड पर तेजगति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्पीड सेंसिंग कैमरा लगाने का काम शुरू है। यह स्पीड सेंसिंग कैमरा जल्द ही कार्यान्वित हो जाएगा।उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। सदन के शिवसेना (उद्धव) के विधायक सचिन अहिर ने इस बारे में सवाल पूछा था। इसके जवाब में शिंदे ने बताया कि कोस्टल रोड पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाती है। इसके लिए परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से इंटरसेप्टर वाहन कोस्टल रोड के दोनों दिशा में तैनात कर दिया गया है। शिंदे ने बताया कि कोस्टल रोड पर बडोदा पैलेस की जगह पर अग्निशमन केंद्र स्थापित करने के लिए चिन्हित किया गया है। फिलहाल सुरक्षा के लिए अग्निशमन दल की ओर से एक शीघ्र प्रतिसाद वाहन अमरसन उद्यान परिसर में तैनात की गई है। इसके साथ ही ठेकेदार के माध्यम से एक फायर टेंडर व मार्शल की व्यवस्था की गई है।
मुंबई शहर में आग की 5 हजार 969 घटनाएं, उपमुख्यमंत्री ने लिखित जवाब में दी जानकारी
मुंबई शहर में जनवरी 2024 से 15 फरवरी 2025 के बीच आग लगने की 5 हजार 969 घटनाएं हुई हैं। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री तथा नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी है। सदन के भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में अग्निशमन केंद्र बढ़ाने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में शिंदे ने बताया कि मुंबई अग्निशमन दल के पास अभी 35 अग्निशमन केंद्र, 19 लघु अग्निशमन केंद्र और विभागवार 22 अग्निशमन केंद्र कार्यरत है। इससे मुंबई में कुल 76 अग्निशमन केंद्र शुरू है। जबकि नया 5 अग्निशमन केंद्र प्रस्तावित है। इसके अलावा ठाकुर विलेज का अग्निशमन और कांजुरमार्ग का अग्निशमन केंद्र जल्द शुरू हो जाएगा। शिंदे ने बताया कि साल 2011 की जनगणना के अनुसार मुंबई शहर की जनसंख्या एक करोड़ 25 लाख है। मुंबई अग्निशमन दल के कुल 54 केंद्रों में 153 अधिकारी, 1 दुय्यम अधिकारी, 266 प्रमुख अग्निशामक, 430 यंत्र चालक, 1799 अग्निशामक कार्यरत हैं। साल 2025-26 में अग्निशमन दल के रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही मुंबई मनपा के स्तर पर शुरू है।
छत्रपति संभाजीनगर में 5 अग्निशमन केंद्र प्रस्तावित
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने लिखित जवाब में बताया कि छत्रपति संभाजीनगर शहर में 5 अग्निशमन केंद्र शुरू है। इसमें 38 स्थायी और 110 ठेका कर्मी कार्यरत हैं। वहीं छत्रपति संभाजीनगर मनपा की ओर 121 पदों को भरने की कार्यवाही शुरू है। जबकि 5 नए अग्निशमन केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव है। जिसमें से हर्सुल और शहागंज का काम शुरू हो गया है। फिलहाल अग्निशमन केंद्रों में कुल 15 अग्निशमन वाहन है। जबकि ऊंची इमारतों के लिए 70 मीटर लेंडर खरीदने की प्रक्रिया शुरू है। शिंदे ने बताया कि साल 2011 की जनगणना के अनुसार छत्रपति संभाजीनगर शहर की कुल आबादी 12 लाख 28 हजार 32 है।
मेट्रो लाइन -3 कफ परेड तक अगस्त में होगी शुरू
मुंबई मेट्रो लाइन -3 आरे से कफ परेड तक पूरी तरह से अगस्त 2025 में शुरू करने की योजना है। उपमुख्यमंत्री तथा नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। शिंदे ने बताया कि मुंबई मेट्रो लाइन -3 अभी गोरेगांव के आरे से वरली के आचार्य अत्रे चौक तक शुरू है। जिसमें 18 मेट्रो स्टेशनों का समावेश है। अगस्त महीने में आरे से कफ परेड तक पूरी लाइन शुरू हो जाएगी। इसमें 10 स्टेशन शामिल होंगे। मेट्रो लाइन-3 पूरी तरह से शुरू होने के बाद कुल 28 स्टेशनों पर यात्री सफर कर सकेंगे। सदन के कांग्रेस विधायक भाई जगताप, कांग्रेस विधायक सतेज पाटील सहित अन्य विधायकों ने मेट्रो-3 परियोजना को लेकर सवाल पूछा था।
मुंबई में ढहाए गए 366 अवैध निर्माण
मुंबई मनपा ने 13 मई 2025 से 24 जून 2025 के बीच कुल 366 अवैध निर्माण को ढहाया है। विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई मनपा की नीति के तहत 30 साल से ज्यादा पुरानी इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट करके अति धोकादायक इमारतों की सी-1 वर्ग में शामिल किया जाता है। इन इमारतों को खाली कराकर उसको ढहाया जाता है। सदन के शिवसेना (उद्धव) के विधायक अनिल परब ने इस संबंध में सवाल पूछा था।
बीपीएल कंपनी का 3 करोड़ 74 लाख संपत्ति कर बकाया
मुंबई मनपा का बीपीएल मोबाइल कम्यूनिकेशन कंपनी के पास 3 करोड़ 74 लाख रुपए का संपत्ति कर बकाया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई मनपा के अधिनियम -1988 की धारा 202 के तहत बकाया संपत्ति कर पर प्रति महीने 2 प्रतिशत दर से दंड वसूली की जाती है। सदन के विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने संपत्ति कर नहीं भरने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा था।
Created On :   17 July 2025 9:05 PM IST