चढ़ा पारा: मुंबईकरों को चार दिन तक झेलनी होगी उमस भरी गर्मी, दिन का तापमान 33 डिग्री

मुंबईकरों को चार दिन तक झेलनी होगी उमस भरी गर्मी, दिन का तापमान 33 डिग्री
  • दिन का तापमान बढ़ा
  • 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा तापमान
  • चार दिन तक झेलनी होगी उमस भरी गर्मी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के कई हिस्सों में हुई बेमौसमी बारिश का असर मुंबई के मौसम में भी दिखाई दे रहा है। आगामी 3 से 4 दिन तक मुंबई का तापमान भले ही नहीं बढ़ेगा, लेकिन इन 4 दिन तक मुंबईकरों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं हैं।

राज्य के कई जिलों में शुक्रवार को बेमौसमी बारिश ने दस्तक दी है। हालांकि मुंबई इससे अछूता रहा। इससे मुंबई के आसमान में बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी। राज्य के अन्य हिस्सों में हुई बारिश से मुंबईकर गर्मी से राहत मिलने की आस लगाए बैठे थे, लेकिन आगामी 3 से 4 दिन तक मुंबईकरों को गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

क्षेत्रीय मौसम विभाग की मौसम अधिकारी सुषमा नायर ने बताया कि आगामी तीन से चार दिन मुंबई का मौसम इसी तरह बना रहेगा। दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच बना रहेगा। इसके बाद अगर कोई पश्चिमी विक्षोभ बनता है तो मुंबईकरों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन ऐसी कोई स्थिति कुछ दिन तक बनती हुई नहीं दिखाई दे रही है।

-हीट स्ट्रोक के मामले बढ़े

प्रदेशवासियों को इन दिनों भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक के 13 नए मामले दर्ज किए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में हीट स्ट्रोक के मामलों में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि होने की बात स्वास्थ्य विभाग ने कही है। हालांकि अभी तक हीट स्ट्रोक से कोई मौत की सूचना नहीं है। राज्य के नगर, अकोला, अमरावती, भंडारा, चंद्रपुर, सातारा, धुले आदि इलाकों में हीट स्ट्रोक के मामले मिले हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश में हीट स्ट्रोक के 767 मामले मिले थे और 31 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि वर्ष 2023 में हीट स्ट्रोक के 421 मामले सामने आए और 25 लोगों की मौत हो गई थी।

पर्यावरण संरक्षण के लिए सहयोग दें मुंबईकर : परदेशी

महाराष्ट्र राज्य सरकार के "माझी वसुंधरा अभियान 4.0' के तहत नागरिकों में पर्यावरण और बदलते मौसम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पृथ्वी की रक्षा और संरक्षण के लिए सहयोग देने के लिए नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान मनपा उद्यान विभाग के अधीक्षक जितेंद्र परदेशी ने किया है। मुंबई के नागरिकों को "माझी वसुंधरा शपथ' अभियान और पर्यावरण के बारे में जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों, विशेष रूप से स्कूलों में तख्तियां लगाई गई हैं। इन तख्तियों के साथ शपथ लेकर मुंबईकर इस पर्यावरण, जैव विविधता को संरक्षित करने और अगली पीढ़ी को समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी लें।

Created On :   31 March 2024 1:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story