- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अब एक ही टिकट पर बिना किसी रूकावट...
Mumbai News: अब एक ही टिकट पर बिना किसी रूकावट पर सफर कर सकेंगे यात्री
- एक ही टिकट पर बिना किसी रूकावट पर सफर कर सकेंगे यात्री
- एमएमआर में एकीकृत बस परिवहन सेवा के लिए टास्क फोर्स
Mumbai News. मुंबई महानगर प्रदेश क्षेत्र (एमएमआर) के लिए एकीकृत बस परिवहन प्रारूप तैयार करने के लिए टास्क फोर्स स्थापित किया है। बेस्ट के महाप्रबंधक एस वी आर श्रीनिवास की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित किया गया है। राज्य के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। एमएमआर क्षेत्र के यात्रियों को एक ही टिकट पर निर्बाध रूप से सफर कर सकने के लिए सभी बस परिवहन सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा। इसके लिए टास्क फोर्स एकीकृत बस परिवहन सेवा के लिए प्रारूप बनाएगा। टास्क फोर्स में सदस्य के रूप में ठाणे मनपा, नवी मुंबई मनपा, कल्याण-डोंबिवली मनपा, मीरा-भायंदर मनपा, भिवंडी-निजापुर मनपा, उल्हासनगर मनपा, पनवेल मनपा के आयुक्त को शामिल किया गया है। जबकि मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त, मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अतिरिक्त महानगर आयुक्त को भी सदस्य टास्क फोर्स में शामिल किया गया है।
वहीं एमएमआरडीए के परिवहन व यातायात प्रमुख टास्क फोर्स के सदस्य सचिव होंगे। केंद्र सरकार के नीति आयोग ने देश के चार शहरों को ग्रोथ हब के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की है। ग्रोथ हब के लिए महाराष्ट्र के मुंबई महानगर प्रदेश क्षेत्र (एमएमआरडी), उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गुजरात के सूरत और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम शहर को चिन्हित किया गया है। इसमें से एमएमआरडी को पायलट सिटी-रीजन के रूप में चयन किया गया है। इशके अनुसार विदेशी निवेश को आकर्षित करने, स्टार्टअप और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के लिए एमएमआर को ग्रोथ हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
Created On :   11 Jun 2025 9:24 PM IST