- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- वापी से साबरमती खंड का काम दिसंबर...
बुलेट ट्रेन: वापी से साबरमती खंड का काम दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद - रेल मंत्री

- मुंबई - अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना को लेकर अच्छी खबर
- दिसंबर 2029 तक परियोजना का काम पूरा होने की संभावना
New Delhi News. मुबंई-अहमदाबाद को लेकर बुधवार को एक अच्छी खबर सामने आई है। इस परियोजना के गुजरात वाले हिस्से का काम दिसंबर 2027 तक पूरा होने की योजना है, जबकि महाराष्ट्र से साबरमती खंड तक पूरी परियोजना के दिसंबर 2029 तक पूरी होने की उम्मीद है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में भाजपा सांसद मुकेश दलाल और देवसिंह चौहान के पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना (508 किलोमीटर) जापान सरकार की तकनीकी और वित्तीय सहायता से तैयार की जा रही है। यह परियोजना गुजरात, महाराष्ट्र तथा केंद्र शासित राज्य दादरा और नगर हवेली से होकर गुजर रही है। इस परियोजना के तहत मुंबई, ठाणे, विरार, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती में 12 स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
रेलमंत्री ने बताया कि वापी और साबरमती के बीच गलियारे के गुजरात वाले हिस्से को दिसंबर 2027 तक पूरा करने की योजना बनाई गई है। संपूर्ण परियोजना (महाराष्ट्र से साबरमती खंड) के दिसंबर, 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना के पूरा होने की सटीक समय-सीमा सिविल संरचनाओं, रेलपथ, बिजली, सिग्नल एवं दूरसंचार के सभी संबंधित कार्यों के पूरा होने तथा ट्रेनसेटों की आपूर्ति के बाद उपयुक्त रूप से निर्धारित की जा सकती है।
वैष्णव ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 1,08,000 करोड़ रुपए है, जिसमें से जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) परियोजना लागत का 81 प्रतिशत अर्थात 88,000 करोड़ रुपए का वित्तपोषण कर रही है। शेष 19 प्रतिशत लागत यानी 20,000 करोड़ रुपए रेल मंत्रालय (50 प्रतिशत) और महाराष्ट्र (25 प्रतिशत) व गुजरात (25 प्रतिशत) सरकारों के सहयोग से वित्तपोषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 30 जून 2025 तक परियोजना पर कुल 78,839 करोड़ रुपए का वित्तीय व्यय किया गया है।
Created On :   23 July 2025 7:43 PM IST