राहत: 5 माह बाद बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत , 204 करोड़ रुपए का विशेष आर्थिक पैकेज

5 माह बाद बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत , 204 करोड़ रुपए का विशेष आर्थिक पैकेज
  • नदी, नालों की क्षतिग्रस्त दीवारों, सड़कों का निर्माण होगा
  • 8.41 किमी नदियों, नहरों की टूटी दीवारों का निर्माण होगा
  • 61.38 किमी दूरी की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत होगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र सरकार ने 22 सितंबर 2023 की मध्यरात्रि में नागपुर शहर में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने की लागत के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार द्वारा 22/02/2024 को एक सरकारी निर्णय जारी किया गया है। नागपुर मनपा आयुक्त एवं प्रशासक डाॅ. अभिजीत चौधरी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आभार माना।

कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति : नागपुर में 22 सितंबर 2023 को भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी। कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ था। नदियों और नहरों की दीवारें टूट गईं थी, सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। सीवेज सहित अन्य सुविधाओं को बहाल करने के लिए नागपुर मनपा प्रशासन द्वारा विभागीय आयुक्त के माध्यम से सरकार को धनराशि उपलब्ध कराने का एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। विभागीय आयुक्त द्वारा सरकार को सौंपे गए प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने नागपुर के लिए एक विशेष वित्तीय पैकेज जारी किया है।

मामला विचाराधीन था : भारी बारिश, बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति की स्थिति में राज्य आपदा प्रतिसाद निधि से सहायता प्रदान की जाती है। सितंबर, 2023 में नागपुर शहर में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण सड़कों, घरों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान के लिए सहायता प्रदान करने के लिए सरकार को निधि की मांग का एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। शासन के निर्णय 30 नवम्बर 2023 के अनुसार राज्य आपदा प्रतिसाद निधि से 8.38 करोड़ रुपए की धनराशि वितरण को मंजूरी दी गई। विभागीय आयुक्त, नागपुर के प्रस्ताव के अनुसार, 22 सितंबर, 2023 को नागपुर शहर में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्वास पर किए गए खर्च के लिए विशेष वित्तीय पैकेज के तहत प्रशासनिक मंजूरी देने का मामला विचाराधीन था। इसे सरकार ने मंजूरी दे दी है।

Created On :   23 Feb 2024 6:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story