सुविधा: चुनावी लाभ , अब इमरजेंसी सेवा में लगे कर्मचारी भी घर बैठे कर सकेंगे मतदान

चुनावी लाभ ,  अब इमरजेंसी सेवा में लगे कर्मचारी भी घर बैठे कर सकेंगे मतदान
  • स्वास्थ्य सेवा व महावितरण के चुनिंदा कर्मचारियों को ही मिलेगा सुविधा का लाभ
  • दिव्यांग व 80 प्लस आयु वाले वोटरों को भी सुविधा
  • संबंधित कर्मचारी को फार्म 12 डी भरकर देना होगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर । चुनाव आयोग ने दिव्यांग व 80 प्लस आयु वाले वोटरों के अलावा इमरजंेसी सेवा में लगे कर्मचारियों के लिए भी घर बैठे मतदान करने की सुविधा दी है। इस सुविधा का लाभ लेना या नहीं लेना यह पूरीतरह संबंधित कर्मचारी पर निर्भर है। अगर इसका लाभ लेना है तो संबंधित कर्मचारी को फार्म 12 डी भरकर देना होगा।

फार्म 12 डी भरकर देना होगा : चुनाव आयोग ने इमरजेंसी सेवा में लगे कर्मचारी शासकीय काम के कारण मतदान से वंचित न रहें, इसलिए यह सुविधा दी है। इसमें स्वास्थ्य सेवा व महावितरण के चुनिंदा कर्मचारियों को ही शामिल किया है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर या कर्मचारी को यह सुविधा लागू नहीं है। जो डॉक्टर मतदान के दिन लंबे समय तक पेशंट की देखभाल या ऑपरेशन में लगे रहेंगे, उनके लिए यह सुविधा है। इसी तरह महावितरण में लगातार केवल फील्ड में काम करने वाले लाइनमैन इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। जो कर्मचारी ऑफिस या अन्य काम में लगे हैं, वे इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकते। आपातकालीन सेवा में लगे कर्मचारी को फार्म 12 डी भरकर देना होगा।

सूचना देकर पोलिंग पार्टी घर पहुंचेगी : सूचना देकर पोलिंग पार्टी घर पहुंचेगी। अगर संबंधित कर्मचारी उपलब्ध नहीं है, तो घर में नोटिस चस्पा कर अगली तारीख दी जाएगी। उस दिन पोलिंग पार्टी फिर घर पहुंचेगी आैर संबंधित कर्मचारी वोट डाल सकेगा। दूसरी बार संबंधित कर्मचारी घर नहीं मिला, तो इसके बाद वह कर्मचारी मतदान केंद्र पर जाकर वोट नहीं डाल सकेगा। फार्म 12 डी भरने वालों के लिए मतदान केंद्र पर वोटिंग सुविधा नहीं रहेगी।

लाभ लेना, या नहीं लेना कर्मचारी पर निर्भर : जिला निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि, इमरजेंसी सेवा में लगे कर्मचारी वोट से वंचित न रहें, इसलिए चुनाव आयोग ने यह सुविधा दी है। इस सुविधा का लाभ लेना या नहीं लेना, यह पूरी तरह संबंधित कर्मचारी पर निर्भर है। इमरजेंसी विभाग के सभी कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी। जिले में नागपुर व रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 42 लाख 33 हजार 605 मतदाता हैैं। इनमें 80 प्लस आयु के मतदाताआें की संख्या 1 लाख 17 हजार 708 आैर दिव्यांग मतदाताआें की संख्या 18 हजार 215 है।

Created On :   27 Feb 2024 7:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story