बावनकुले का आह्वान: दूसरे दल के कार्यकर्ताओं को लाओ, बूथ स्तर पर संख्या बढ़ाओ - भाजपा की क्लस्टर बैठक

दूसरे दल के कार्यकर्ताओं को लाओ, बूथ स्तर पर संख्या बढ़ाओ - भाजपा की क्लस्टर बैठक
  • विधायकों को दी गई नसीहत
  • क्वालिटी नहीं, क्वांटिटी बढ़ाने का लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, नागपुर. लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है। क्वालिटी के बजाय क्वांटिटी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने चुनाव रणनीति की जानकारी देते हुए पार्टी पदाधिकारियों से कहा है कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने के लिए दूसरे दल के कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ो। तैयारी ऐसी रखो कि छोटे-छोटे दल खाली हो जाएं। एक बूथ पर दूसरी पार्टी के कम से कम 50 कार्यकर्ता भाजपा के लिए काम करने चाहिए। शनिवार को भाजपा की लोकसभा क्लस्टर समिति की बैठक हुई। देशपांडे सभागृह में बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने की। बावनकुले इसी बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि अगले चुनाव में किसी की उम्मीदवारी पक्की नहीं है।

हाईटेक व स्मार्ट कार्य

बावनकुले ने कहा कि बूथ स्तर पर हाईटेक व स्मार्ट वर्क होना चाहिए। राज्य की 48 लोस सीटों के लिए 15 क्लस्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक क्लस्टर में बूथ स्तर पर कार्य के लिए प्रशिक्षण नियोजित करना है। कार्यकर्ता को लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्य व योजनाओं की जानकारी जरूरी है। घोषणापत्र में एसे प्वाइंट डालें, जिससे समाज के हर वर्ग व स्थानीय विकास कार्य हों। बूथ लेवल पर 50 लोगों को पार्टी प्रवेश के साथ ही समिति द्वारा निर्धारित 36 बिंदुओं पर सभी बूथ अध्यक्ष व पदाधिकारियों को ध्यान देना जरूरी है। बैठक में उपेंद्र कोठेकर, संजय भेंडे, शहर अध्यक्ष बंटी कुकड़े, जिलाध्यक्ष सुधाकर कोहले, विधायक प्रवीण दटके, कृष्णा खोपड़े, मल्लिकार्जुन रेड्डी, सुधीर पारवे सहित नागपुर, रामटेक, गोंदिया-भंडारा, गड़चिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायक, पदाधिकारी उपस्थित थे।

दूसरी सूची तैयार

बावनकुले ने कहा कि पार्टी में क्या मिला यह नहीं, बल्कि मैंने पार्टी को क्या दिया यह आकलन करें। पार्टी का यह दुपट्टा ही अपना सर्टिफिकेट है। नाराजगी व्यक्त कर कोई फायदा नहीं होगा। काम करें अन्यथा दूसरे को जिम्मेदारी देंगे। काम करने वालों की दूसरी सूची तैयार है। पार्टी का चुनाव कार्यालय आकर्षक व हाईटेक होना चाहिए। घराने विकसित करने के लिए विपक्ष है। प्रत्येक बूथ पर नमो चौपाल होगी।

उद्धव को सत्ता का लालच : कुलस्ते

केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बारे में कहा कि सत्ता के लालच में उन्होंने राष्ट्रीयता व हिंदुत्व का त्याग किया है। कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी ने राज्य को नुकसान पहुंचाया है। कोविड संक्रमण काल में मुंबई में स्थिति नियंत्रण में नहीं थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री को किसी तरह की चिंता नहीं थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागरिकों के बचाव व राहत कार्य में योगदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का संदेश लाभार्थियों तक पहुंचाना चाहिए। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने देश व राज्य का आर्थिक विकास किया है। लोकसभा क्लस्टर समितियों की आखिरी बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लेंगे।


Created On :   25 Feb 2024 2:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story