लेट-लतीफी: नागपुर एयरपोर्ट, इंडिगो उड़ानों की लेटलतीफी से यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

नागपुर एयरपोर्ट, इंडिगो उड़ानों की लेटलतीफी से यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
  • रोजाना 5 से 6 उड़ानें होती है लेट
  • एयरलाइन कंपनी परिचालन संबंधी कारण बताकर झाड़ रही पल्ला
  • बार-बार बदल जाता है शेड्यूल

डिजिटल डेस्क, नागपुर । डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ानों की लेटलतीफी का सिलसिला जारी है। खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार रात 11 बजे जाने वाली इंडिगो की 6ई 835 क्रमांक की उड़ान 1 घंटा 50 मिनट देरी से रवाना हुई। दो बार इसका शेड्यूल बदला गया। पहले इसका शेड्यूल 12 बजे किया गया। फिर कुछ ही समय बाद यात्रियों को मैसेज आया कि उड़ान का समय बदलकर 12.50 बजे कर दिया गया है, जबकि यात्री रात 10 बजे ही बोर्डिंग के लिए पहुंच गए थे। उन्हें 3 घंटा से ज्यादा इंतजार करना पड़ा।

विमान की लेटलतीफी के लिए कंपनी द्वारा कोई ठोस कारण भी नहीं बताया गया। एयरलाइन कंपनी परिचालन संबंधी कारण बताकर अक्सर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है। नागपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की कुल 15 उड़ानें हैं। इनमें से रोजाना 5 से 6 उड़ानें देरी से उड़ान भरती हैं। यह उड़ान भी महीने में कई बार लेट होती है।

जिम्मेदारों का तर्क : ऑपरेशनल कारणों से उड़ान में देरी हुई होगी। अभी मुझे इसकी जानकारी नहीं है, आप मुझे लिखित में अपनी शिकायत भेजे। : - लीखा, इंडिगो एयरलाइन्स

मुंबई, दिल्ली और इंदौर की उड़ान भी लेट : पुणे के अलावा मुंबई जाने वाली 6ई 6678 उड़ान 1 घंटा 44 मिनट, दिल्ली जाने वाली 6ई 2213 उड़ान 22 मिनट, इंदौर जाने वाली 6ई 7435 क्रमांक की उड़ान ने यहां से 25 मिनट देरी से रवाना हुई।

इधर शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई : पुलिस के ‘मिस मैनेजमेंट’ की वजह से सोमवार को शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। शहर के अधिकांश हिस्सों में जमा लगा रहा। करीब दर्जन भर एम्बुलेंस जाम में फंसी रहीं। वाहनों की कर्कश आवाज के बीच लोग घंटों फंसे रहे। अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। जाम से निजात पाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

उड़ान पुल बंद करने से अव्यवस्था : सोमवार को संविधान चौक पर आदिवासी समुदाय का मोर्चा निकला था। प्रदर्शनकारी एक जगह जमा होने की बजाय जगह-जगह दो चार सौ की भीड़ में जमा होकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस कारण पुलिस ने बर्डी उड़ान पुल को बंद कर दिया। इससे यातयात की समस्या िनर्माण हो गई। बर्डी के अलावा सदर, गड्डीगोदाम, कडबी चौक, धंतोली, झांसी रानी चौक, रहाटे कालोनी चौक, काचीपुरा चौक, रामदासपेठ, शंकर नगर, बजाज नगर चौक, हिस्लाप कॉलेज चौक, लॉ कॉलेज चौक, लोहापुल अधिकांश हिस्सों में जाम लगा रहा।

ऐसी स्थिति रही : करीब दर्जन भर एम्बुलेंस घंटों जाम में फंसी रहीं। इससे नौकरीपेशा लोगों के अलावा, विद्यार्थी, व्यापारी आदि लोग तेज व कर्कश वाहनों की आवाजों के बीच फंसे रहे। दो-तीन किलोमीटर का अंतर पार करने के लिए लोग ढाई से तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। कई लोग गली-गली घूमकर गंतव्य तक पहुंच पाए।


Created On :   6 Feb 2024 5:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story