मामला दर्ज: पारिवारिक कलह के चलते पत्नी और पुत्र-पुत्री को जिंदा जलाने की कोशिश करने वाला गिरफ्तार

पारिवारिक कलह के चलते पत्नी और पुत्र-पुत्री को जिंदा जलाने की कोशिश करने वाला गिरफ्तार
  • नृशंसता की हद... कमरे में बंद कियापाइप निकालकर गैस ऑन कर दिया
  • नहीं लगा पाया आग, अपार्टमेंट के लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी
  • चरित्र संदेह व अन्य घरेलू कारणों को लेकर था तनाव

डिजिटल डेस्क, नागपुर । घरेलू कलह में एक व्यक्ति ने पत्नी और बच्चों को फ्लैट में बंद कर दिया। यहीं नहीं, इस दौरान उसने रसोई गैस का पाइप निकाल दिया। आरोपी उन्हें जिंदा जलाकर मार देना चाहता था। इस कृत्य से उसने अपार्टमेंट के लोगों की जान भी खतरे में डाल दी थी। घटना के कारण कोराडी रोड स्थित ओम नगर में तनाव बना रहा। कोराडी थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार की दोपहर उसे अदालत में पेश कर पीसीआर मेें लिया गया है।

पहले भी समझौता हुआ था : ओम नगर जगनाडे ले-आउट स्थित यूनिक शैलपुत्री अपार्टमेंट निवासी रंजन गणेश प्रसाद साव (46) रेलवे के को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत है। चरित्र संदेह व अन्य घरेलू कारणों को लेकर उसका आए दिन पत्नी मीनू (43) से विवाद होता रहता था। वर्ष 2020 में भी रंजन ने ऐसा ही तमाशा खड़ा किया था। टीवी व अन्य घरेलू सामानों की तोड-फोड़ की थी। मामला पुलिस के पास भी पहुंचा था। बाद में कुछ रिश्तेदारों की मध्यस्थता से आपसी समझौता हुआ और मीनू, रंजन के साथ रहने को तैयार हो गई। रंजन की हरकतों में फिर भी कोई बदलाव नहीं आया।

सुबह से ही विवाद कर रहा था : अवकाश होने से सोमवार को वह घर पर ही था। सुबह से पत्नी के साथ विवाद जारी था। दोपहर करीब दो बजे के दौरान उसने पत्नी, 14 वर्षीय पुत्र और 8 वर्षीय पुत्री को फ्लैट में बंद किया। उन्हें जान से मारने के इरादे से उसने रसोई गैस का पाइप निकालने के बाद ऑन कर दिया। रंजन के हाथ माचिस नहीं लगी, जिससे वह आग नहीं लगा पाया। अन्यथा अपार्टमेंट के लोगों की भी जान खतरे में पड़ जाती। जानकारी मिलते ही मीनू का भाई प्रकरण की शिकायतकर्ता विवेक कुमार लाल (31) और अपार्टमेंट के लोग भी जमा हो गए। तनाव के बीच सहायक निरीक्षक कात्रे ने रंजन के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मंगलवार की दोपहर उसे अदालत में पेश कर पीसीआर में लिया गया है।

Created On :   21 Feb 2024 5:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story