नागपुर: गांधीबाग उद्यान के लिए गांधीगीरी, जुटाएंगे जनसमर्थन, करेंगे जनजागरण - समिति

गांधीबाग उद्यान के लिए गांधीगीरी, जुटाएंगे जनसमर्थन, करेंगे जनजागरण - समिति
  • जमीन की उपयोगिता बदली
  • संत तुकड़ोजी महाराज ने बहाया था पसीना
  • टेंडर ने चौंका दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गांधीबाग उद्यान परिसर स्थित सोख्ता भवन की जगह पर अब बहुमंजिला व्यावसायिक संकुल बनेगा। मनपा ने टेंडर निकाला है। प्री-बीड खुल चुका है। जल्द ही ठेकेदार को ठेका दिया जाएगा। व्यावसायिक संकुल के निर्माण से गांधीबाग उद्यान का अस्तित्व खतरे में है। मध्य नागपुर में नागरिकों के टहलने के लिए यह एकमात्र उद्यान है। एक ओर पर्यावरण की रक्षा के लिए उद्यानों को बचाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर मनपा ने उद्यान की जगह व्यावसायियों के हवाले करने की योजना बनाई है। गांधीबाग बगीचा बचाव संघर्ष समिति ने व्यावसायिक संकुल प्रकल्प का विरोध किया है। जनसमर्थन जुटाने के लिए पत्रक बांटकर नागरिकों में जनजागरण किया जा रहा है। संघर्ष समिति के प्रमुख संयोजक रमण पैगवार के अनुसार शहर के सभी विधायकों ने इसका विरोध किया है।

जमीन की उपयोगिता बदली : गांधीबाग के चाराें ओर भारतवर्ष की महान विभूतियों के स्मारक हैं। समाजसेवी सोख्ता की स्मृति में बनाया गया सांस्कृतिक भवन उसी में से एक है। मनपा ने साल 2003 में उसकी उपयोगिता बदली। सत्ता का उपयोग कर तत्कालीन सत्ताधीशों ने उपयोगिता परिवर्तन की राज्य सरकार से अनुमति प्राप्त कर व्यावसायिक संकुल का निर्माण करने की गतिविधियां शुरू कर दी। नौ मंजिला इमारत खड़ी करने का निर्णय लिया गया। साल 2018 में समाजसेवी उमेश चौबे और पूर्व नगरसेवक रमण पैगवार के नेतृत्व में तीव्र आंदोलन हुआ। मनपा ने दबाव में आकर प्रकल्प ठंडे बस्ते में डाल दिया।

संत तुकड़ोजी महाराज ने बहाया पसीना : महात्मा गांधी के आह्वान पर मध्य नागपुर में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज ने पसीना बहाकर उद्यान बनाया। उन्हीं के कहने पर उद्यान को गांधीबाग नाम दिया गया। मनपा व्यावसायिक संकुल बनाकर उद्यान के अस्तित्व को मिटाने पर तुली है। राष्ट्रसंत की मेहनत पर कुठाराघात करने की मनपा की नीति से आम जनता में रोष है।

पांच साल पहले जिस जगह नौ मंजिला व्यावसायिक संकुल खड़ा करने की योजना बनाई गई थी, उसी जगह अब 14 मंजिला इमारत खड़ी होगी

टेंडर ने चौंका दिया

मनपा ने सोख्ता भवन की जगह व्यावसायिक संकुल का अचानक टेंडर निकालकर सभी को चौंका दिया। पांच साल पहले जिस जगह नौ मंजिला व्यावसायिक संकुल खड़ा करने की योजना बनाई गई थी, उसी जगह अब 14 मंजिला इमारत खड़ी करने का नक्शा मंजूर किया गया है। व्यावसायिक संकुल का निर्माण होने पर गांधीबाग उद्यान में चलने वाली सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियां, नागरिकों के सुबह-शाम टहलने की आजादी पर नियंत्रण आने का खतरा मंडरा रहा है।

नक्शा को मंजूरी दी है

प्रमोद गावंडे, संचालक, नगररचना विभाग, महानगरपालिका के मुताबिक सोख्ता भवन की जगह प्रस्तावित व्यावसायिक संकुल का नक्शा मंजूर किया गया है। मनपा के प्रकल्प विभाग के माध्यम से निर्माणकार्य की प्रक्रिया की जा रही है। जगह की उपयोगिता पहले ही बदली जा चुकी है।



Created On :   5 Feb 2024 12:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story