नागपुर: 9 सौ से भी ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन, तगड़े बंदोबस्त में धरपकड़ जारी

9 सौ से भी ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन, तगड़े बंदोबस्त में धरपकड़ जारी
  • थाना व जोन स्तर पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
  • बॉडीवार्न कैमरे से लैस होंगे कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. होली उत्सव के दौरान करीब 900 से भी ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन होने वाला है। नशे और रंग लगाने के बहाने महिलाओं से अभद्र व्यवहार और खून खराबे की घटना होने की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुए पुलिस ने थाना स्तर तगड़ा बंदोबस्त तैनात करने की रणनीति अपनाई है। संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र जवानों को तैनात िकया जा रहा है। होली उत्सव के दौरान रविवार को शहर भर में विविध सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा करीब 900 से भी ज्यादा स्थानों पर होली दहन होने वाला है।

थाना व जोन स्तर पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

सोमवार को धुलीवंदन के दिन अक्सर नशे में होने से कुछ असमाजिक तत्व रंग लगाने के बहाने महिला वर्ग से अभद्र बर्ताव करते हैं। नशे में हाेने से कुछ लोग आपसी रंजिश भुनाने के फिराक में रहते हैं। खून खराबे की घटना होने से कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बना रहता है, इसलिए अवैध शराब विक्रेताओं की धर पकड़ जारी है। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल ने होली बंदोबस्त के लिए अतिरिक्त बल भी सड़क पर उतारा है। चुनावी माहौल के बीच होली उत्सव आने से पुलिस के कंधे पर दोहरे जिम्मेदारी आ पड़ी है। बंदोबस्त थाना व जोन स्तर रहेगा।

बॉडीवार्न कैमरे से लैस होंगे कर्मचारी

यातायात विभाग के भी 550 अधिकारी व कर्मचारी सड़क पर रहेंगे। जो 200 बॉडीवार्न कैमरे, 400 रिफ्लेक्टर जैकेट और 300 एलईडी बैटन से लैस रहेंगे। सड़क पर होने वाली हर गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड होगी। 1200 स्थानों पर बैरिकेट्स लगाए गए हैं। 39 स्थानों पर नाका बंदी होगी।

38 ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से शराबी वाहन चालकों की जांच-पड़ताल की जाएगी। इस बीच पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल ने शहरवासियों को होली की बधाई देते हुए रंगों के इस त्योहार को परिवार के साथ शांति से मनाने की अपील की है।


Created On :   24 March 2024 11:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story