आतंक: धमकाने वाले कैंची गैंग के मुखिया सहित 8 आरोपियों पर मामला दर्ज , दो गिरफ्तार

धमकाने वाले कैंची गैंग के मुखिया सहित 8 आरोपियों पर मामला दर्ज , दो गिरफ्तार
  • गवाही देने पर जान से मारने का मामला दर्ज
  • शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांगी मदद
  • अन्य फरार आरोपियों की तलाश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पांचपावली थाना क्षेत्र की कैंची गैंग के खिलाफ एक और मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में गैंग के मुखिया सहित 8 आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मुकेश उर्फ कैंची महादेव हेड़ाऊ (24) और नितीन नरेश लाटकर (24), लालगंज खैरीपुरी, शीतला माता मंदिर, पांचपावली निवासी काे गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि, आरोपी कैंची और उसके साथी शिकायतकर्ता को धमकी दे रहे थे कि, उनके खिलाफ न्यायालय में गवाही दी, तो जान से मार देंगे। धमकी से डरकर शिकायतकर्ता थाने में शिकायत करने से घबरा रहा था। पुलिस ने पीड़ित को भरोसा दिलाने के बाद पांचपावली के वरिष्ठ थानेदार वैभव जाधव के मार्गदर्शन में आरोपियों पर धारा 384, 385, 195(अ ), 294, 143, 596(ब ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार लालगंज खैरीपुरा निवासी राजेश बिनेकर ने पुलिस को बताया कि, सुनील उर्फ टायगर वसंतराव धकाते, मुकेश उर्फ कैंची हेड़ाऊ, हर्ष उर्फ पिंडा आनंद पवार, सय्यम उर्फ मांजा गणेशपुरी, प्रज्वल उर्फ पायमुंडी, मयूर धिरडे, नीतेश लाटकर व गणेश उईके उसकी बस्ती में रहते हैं। 4 जुलाई 2022 को राजेश ने सुनील उर्फ टायगर धकाते, पिंडा, गणेशपुरी भांजा के खिलाफ पांचपावली थाने में शिकायत की थी। इस दौरान पुलिस ने धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया था। इसी मामले में कैंची गैंग ने राजेश को नवंबर 2023 को धमकी दी थी। इस मामले में आरोपी कैंची और नितीन लाटकर को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

15 हजार रुपए का मांगा था हफ्ता : सूत्रों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ शिकायत के बाद आरोपियों ने राजेश के घर जाकर उसे गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद आरोपियों ने राजेश से कहा कि तू बाल्या बिनकर के घर क्यों रहता है। बाल्या हमारा भाई है। तुझे बाल्या भाई के घर रहना है, तो हमें 15 हजार रुपए महीना देना होगा। धमकी से डरकर राजेश ने उस समय 5 हजार रुपए नकद दिए थे।

ऑटो में गैस भरते समय दो गिरफ्तार : कामठी के सैलाब नगर इलाके में बस्ती में ऑटो में अवैध तरीके से गैस भरते समय दो आरोपियों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी नदीम अख्तर नईम अख्तर और अश्विन देवनाथ बंसोडे, रामगढ़, आनंद नगर नवीन कामठी निवासी है। इनका साथी शेख इफ्तेखार फरार हो गया। पुलिस ने करीब 3 लाख 16 हजार रुपए का माल जब्त किया है। अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट 5 ने कार्रवाई की। गुप्त सूचना मिली कि, नवीन कामठी सैलाब नगर में कोलकाता रेलवे लाइन के पास शेख इफ्तेखार उर्फ गोलू की झोपड़ी परिसर में ऑटो में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस भरी जा रही है। यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 13 नग गैस सिलेंडर, ऑटो रिक्शा (एम.एच.-49-ए.आर.-6942), मोबाइल, नकद 600 रुपए, गैस भरने की मशीन व वजन काटा सहित 3 लाख 16 हजार 600 रुपए का माल जब्त किया। यूनिट के पुलिस निरीक्षक राहुल शिरे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष कोहले, आशीष सिंह ठाकुर, हवलदार महादेव थोटे, रामनरेश यादव, नायब पुलिस सिपाही निखिल जामगडे, राजेंद्र टाकलीकर और सुधीर तिवारी ने कार्रवाई की।

Created On :   12 Jan 2024 9:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story