वायरल: एक क्लिक से विश्व में फेमस हुई "डॉली' की चाय ,बिल गेट्स ने शेयर किया वीडियो

एक क्लिक से विश्व में फेमस हुई डॉली की चाय ,बिल गेट्स  ने शेयर किया वीडियो
  • बदल गया नागपुर के चाय की टपरी का नजारा
  • 25 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं वीडियो
  • स्टाइलिश तरीके से हुआ फेमस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जहां देश-विदेश से आने वाले लोग भारत की संस्कृति, सभ्यता, खान-पान, रहन-सहन, पहनावा, बोली-भाषा में विभिन्नता और यूनिकनेस देखते हैं, वहीं माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने एक साधारण सी चाय बनाने के तरीके में देखा है। उन्हें यह चाय बनाने का तरीका इतना पसंद आया कि उन्होंने अपने इंस्टा हैंडल से इसका एक वीडियो शेयर कर दिया। इस वीडियो को 25 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। वीडियो की खास बात यह है कि इसमें दिखने वाला शख्स नागपुर का है और पूरा शहर इसे ‘डॉली' के नाम से पहचानता है। बिल गेट्स ने वीडियो बुधवार को शेयर किया। इसके बाद से डॉली के टी स्टॉल का नजारा कुछ और ही हो गया है।

क्या है वीडियो में : इंस्टाग्राम में पोस्ट किए वीडियो में बिल गेट्स ने चाय बनाने के तरीके की प्रशंसा की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा है ‘भारत में आप हर जगह इनोवेशन पा सकते हैं, यहां तक कि एक कप साधारण चाय की तैयारी में भी।' वीडियो की शुरुआत में गेट्स डॉली चाय वाला से "वन कप चाय प्लीज' कहते हैं। फिर डॉली अपने अनोखे चाय बनाने के तरीके से गेट्स को चाय पेश करता है। जैसे ही गेट्स एक गिलास से गर्म चाय की एक घूंट पीते हैं, वह भारत में वापस आने के बारे में उत्साह व्यक्त करते हैं। उल्लेखनीय है कि बिल गेट्स ने इंस्टाग्राम पर डॉली का एक वीडियो देखा था। डॉली की चाय परोसने की स्टाइल पसंद आई थी। जिसके बाद गेट्स अपने हैदराबाद आगमन पर डॉली से मिले थे।

नागपुर में पहले से ही फेमस : डॉली की शहर में सदर इलाके में पुराने वीसीए स्टेडियम के पास सड़क किनारे चाय की दुकान है। पूरे शहर में यह दुकान "डॉली की टपरी' नाम से फेमस है। डॉली अपने चाय बनाने और उसे परोसने के स्टाइलिश तरीके के लिए पूरे शहर में पहले से ही फेमस है। इंस्टाग्राम पर उसका पेज "डॉली की टपरी नागपुर' नाम से पेज है। शहर के कई कंटेंट क्रिएटर्स ने भी डॉली के साथ वीडियो बनाया है। अब बिल गेट्स द्वारा वीडियो शेयर किए जाने पर डॉली की प्रसिद्धि और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर कोई डॉली को ‘लकी चाय वाला’ कह रहा है, तो कोई उससे मिलने की इच्छा जाहिर कर रहा है।

Created On :   1 March 2024 9:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story