वसूली: नागपुर महानगर पालिका ने मार्च तक 302 करोड़ रुपए के साथ किया 101 फीसदी कर संकलन

नागपुर महानगर पालिका ने मार्च तक 302 करोड़ रुपए के साथ किया 101 फीसदी कर संकलन
  • कर विभाग ने लक्ष्य से अधिक संपत्ति कर वसूल किया
  • लापरवाही और अनदेखी के चलते कर प्रक्रिया में कमी
  • नामांतरण प्रक्रिया में भी 3 करोड़ रुपए का शुल्क मिला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा के कर विभाग ने लक्ष्य से अधिक 302 करोड़ संपत्ति कर वसूल कर लिया है। रविवार को समाप्त वित्तीय वर्ष 2023-24 में कर विभाग को 300 करोड़ का लक्ष्य दिया गया था। 25 मार्च तक विभाग को करीब 270 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे, ऐसे में 300 करोड़ का लक्ष्य हासिल करना खासी चुनौती बनी हुई थी। हालांकि, 31 मार्च की देर रात तक 302 करोड़ रुपए का संपत्ति कर संकलन हो गया। इसके अलावा जल कर के रूप में भी 230 करोड़ रुपए की वसूली हुई है। इस साल जल कर वसूली के लिए 210 करोड़ का लक्ष्य रखा गया था। सरकारी विभागों से कर के रूप में 30 करोड़ की भी वसूली हुई है। संपत्तियों के नामांतरण प्रक्रिया में भी करीब 3 करोड़ रुपए का शुल्क प्राप्त हुआ है।

लापरवाही के कारण 60 करोड़ की हानि दर्ज :मनपा के स्थावर विभाग की लापरवाही और अनदेखी के चलते कर संकलन प्रक्रिया में कमी पाई गई है। शहर में मनपा के स्थावर विभाग अंतर्गत 3880 भूखंड, इमारत का मालिकाना अधिकार है। इन संपत्तियों को स्थावर विभाग से किराया एवं लीज राशि की वसूली को लेकर डिमांड तक नहीं दी गई है। ऐसे में संपत्ति कर के रूप में करीब 60 करोड़ रुपए की हानि दर्ज हुई है।

दो दिन तक सर्वर बंद :रविवार को देर रात संपत्ति कर विभाग की ओर से कर संकलन प्रक्रिया जारी रखी गई है। नए वित्तीय वर्ष के लिए ऑनलाइन सिस्टम और सर्वर अपग्रेडेशन की प्रक्रिया आरंभ की गई है। ऐसे में अगले दो दिन तक ऑनलाइन भुगतान सहित अन्य प्रक्रिया बंद रहेगी।

अभय योजना में 64 करोड़ की वसूली : मनपा प्रशासन ने 1 जनवरी को अभय योजना शुरू की। इस योजना में 2.50 लाख बकायादारों से लंबित संपत्ति कर, जल कर और चबूतरे और दुकानों की राशि वसूल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना की समयावधि 31 मार्च को समाप्त हो गई है। इस योजना का अब तक करीब 1 लाख नागरिकों ने लाभ उठाया है। योजना में करीब 70 करोड़ की वसूली की गई है। हालांकि, मनपा काे योजना में 2.50 लाख नागरिकों से 700 करोड़ की वसूली होने की उम्मीद थी, लेकिन तमाम प्रयासांे के बाद भी लक्ष्य हासिल नहीं हो पाया।

जल कर के रूप में 225 करोड़ रुपए संकलित : मनपा प्रशासन ने जलप्रदाय विभाग को जल कर के रूप में वर्ष 2023-24 में 210 करोड़ की वसूली का लक्ष्य दिया था। शहर के करीब 4.30 लाख उपभोक्ता से कर वसूली का प्रयास किया गया। इस दौरान करीब 225 करोड़ रुपए का कर संकलन किया गया है। अगले वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जल कर का लक्ष्य 250 करोड़ रुपए रखा गया है।

Created On :   2 April 2024 8:19 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story