Nagpur News: नागपुर-दिल्ली नियमित उड़ान सेवा भी बंद, अब सप्ताह में सिर्फ एक दिन

नागपुर-दिल्ली नियमित उड़ान सेवा भी बंद, अब सप्ताह में सिर्फ एक दिन
  • अंतरराष्ट्रीय विमानतल से विमान सेवाएं लगातार कम होती जा रही हैं
  • विमानों की संख्या घटना चिंता की बात

Nagpur News. डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से विमान सेवाएं लगातार कम होती जा रही हैं। लखनऊ, औरंगाबाद, नाशिक, कोल्हापुर और जयपुर के बाद अब नागपर से दिल्ली जाने वाली नियमित उड़ान सेवा को बंद कर साप्ताहिक किया गया है। अब यह उड़ान सप्ताह में एक बार बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना होगी। एक सप्ताह पहले तक यह उड़ान रोजाना दिल्ली के लिए परिचालित होती थी। इंडिगो की उड़ान 6ई 2380 बुधवार दोपहर को 12:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। पहले नागपुर से दिल्ली के लिए 6 सीधी उड़ानों का परिचालन होता था, अब संख्या घटकर 5 हो गई है।

लगातार घट रही संख्या

जहां एक ओर नागपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बढ़ाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर यहां से लगातार विमानों की संख्या घटना चिंता की बात है। विमान सेवाएं बंद होने का खामियाजा यहां के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक शहरवासियों को नई विमान सेवाओं के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। हाल ही में कोल्हापुर के लिए उड़ान सेवा भी बंद हुई थी।

दो ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

नागपुर से फिलहाल 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन हो रहा है। प्रशासन की ओर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने की बात की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय तो दूर प्रशासन डोमेस्टिक उड़ानें भी शुरू रखने में असमर्थ है। नागपुर से लखनऊ, औरंगाबाद, नाशिक, कोल्हापुर, जयपुर जैसे शहरों के लिए उड़ानें अब बंद हाे चुकी हैं। नोएडा-नागपुर सेवा की घोषणा भी हवा-हवाई दिख रही है।

Created On :   27 Aug 2025 8:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story