- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दीपावली की सफाई के बाद 12 अक्टूबर...
Nagpur News: दीपावली की सफाई के बाद 12 अक्टूबर से शुरु हो रहा है शुभ दीपावली अभियान

- घरेलू कबाड़ का अब मनपा करेगी संकलन
- ई-वेस्ट के लिए विशेष सुविधा
- बड़ी वस्तुओं के लिए घर-घर वाहन व्यवस्था
Nagpur News. महानगरपालिका प्रशासन ने दीपावली से पहले शहर में स्वच्छता अभियान को अनूठे रूप में लागू करने का निर्णय लिया है। ‘स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली’ अभियान के तहत घरों में सफाई के दौरान निकलने वाले कबाड़ और अनुपयोगी वस्तुओं का मनपा स्वयं संकलन करेगी। यह अभियान 12 से 18 अक्टूबर तक चलेगा।
शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से 10 जोन कार्यालयों के अंतर्गत 102 निरूपयोगी वस्तु संकलन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। नागरिक यहां कपड़े, खिलौने, फर्नीचर, पुराने बर्तन, ई-वेस्ट आदि वस्तुएं जमा कर सकेंगे। इन वस्तुओं को श्रेणीवार अलग-अलग किया जाएगा, ताकि उनका पुनर्वापर या पुनर्चक्रण किया जा सके।
अभियान की समीक्षा बैठक मनपा की अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने बताया कि केंद्र सरकार के ‘स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली’ अभियान के अंतर्गत शहर के आरआरआर केंद्रों, हाजिरी स्टैंड, विद्यालयों और समाज भवनों में भी निरूपयोगी वस्तु दान केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। 14 अक्टूबर से इन केंद्रों का संचालन प्रारंभ होगा, जबकि 16 अक्टूबर से शहर के 40 चयनित स्थानों पर विशेष संकलन केंद्र शुरू किए जाएंगे।
ई-वेस्ट के लिए विशेष सुविधा
नागरिकों की सुविधा के लिए संकलन केंद्रों पर चार रंगों की कुंडियां रखी जाएंगी। लाल, पीली, हरी और नीली। इन कुंडियों में इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रिकल वस्तुएं, पुराने कपड़े, अखबार, प्लास्टिक सामग्री और बच्चों के खिलौने अलग-अलग रखे जा सकेंगे।
मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए इस अभियान में सहयोग करें।
बड़ी वस्तुओं के लिए घर-घर वाहन व्यवस्था
दीपावली की सफाई के दौरान निकलने वाले बड़े फर्नीचर जैसे अलमारी, पलंग, सोफा सेट आदि के लिए मनपा ने घर-घर वाहन व्यवस्था भी की है। नागरिक निर्धारित तिथियों में मनपा की सेवा लेकर ऐसी वस्तुएं नजदीकी केंद्रों तक भेज सकेंगे।
Created On :   10 Oct 2025 6:40 PM IST