- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाराष्ट्र के चित्रकार एक मंच पर...
Nagpur News: महाराष्ट्र के चित्रकार एक मंच पर जुटे, संस्कृति-इतिहास- विरासत और हरियाली का किया चित्रण

- चित्रकारों और नागरिकों में उमंग
- वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया उत्साह
- अमृत जयंती वर्ष पर मनपा की पहल
Nagpur News. महानगर पालिका द्वारा अमृत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इसके उपलक्ष्य में ‘रंग दे नागपुर’ वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता ने पूरे महाराष्ट्र के युवा चित्रकारों को एक मंच पर ला दिया है। स्पर्धा में नागपुर, मुंबई, ठाणे, छत्रपति संभाजी नगर, यवतमाल, चंद्रपुर और वर्धा जिलों के कलाकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नीरी मार्ग और फ्रीडम पार्क की दीवारों पर सैकड़ों चित्रकारों ने अपने हाथों से नागपुर की संस्कृति, इतिहास, विरासत और हरियाली का मनमोहक चित्रण किया। मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी और अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत ने स्वयं चित्र बनाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मनपा के अधिकारी, समन्वयक और आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रंगों से सजी दीवारें
स्पर्धा शनिवार से शुरू हुई, जिसमें दो वर्ग बनाए गए हैं। पहला छात्र वर्ग और दूसरा पेशेवर वर्ग। बीएफए, एमएफए और एटीडी के विद्यार्थियों के साथ-साथ स्वतंत्र कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के लिए चार विषय निर्धारित किए गए ‘75 पर नागपुर’, ‘स्वच्छ, हरा-भरा और स्मार्ट नागपुर’, ‘संस्कृति, इतिहास और विरासत’ तथा ‘भारत की बाघ राजधानी’। मनपा द्वारा दी गई अवधारणाओं के अनुसार कुल 118 समूहों ने आवेदन किया, जिनमें से 92 समूहों को चयनित किया गया। प्रत्येक समूह में 3 से 5 कलाकार शामिल रहे। इस रंगोत्सव में लगभग 300 से अधिक चित्रकारों ने भाग लिया।
यह भी पढ़े -रसोईघर में घुसे नाग को सर्पमित्रों ने पकड़ा ,जरा सी चूक पड़ सकती थी महंगी
चित्रकारों और नागरिकों में उमंग
दीक्षाभूमि के पास सुंदरलाल राय मार्ग (नीरी मार्ग) और सीताबर्डी स्थित फ्रीडम पार्क परिसर में कलाकार सुबह से ही जुट गए थे। सभी प्रतिभागी मनपा के अमृत महोत्सव की टी-शर्ट पहनकर दीवारों पर चित्र उकेर रहे थे। रास्ते से गुजरने वाले नागरिक इन रंगीन कलाकृतियों को देखकर ठहर जा रहे थे, कुछ ने चित्रकारों के साथ सेल्फी भी ली। प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर आयुक्त डॉ. चौधरी और अतिरिक्त आयुक्त पंत ने स्वयं ब्रश लेकर चित्र बनाया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   12 Oct 2025 5:47 PM IST