- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बेमौसम बारिश के चलते नागपुर समेत...
Nagpur News: बेमौसम बारिश के चलते नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तेजी से गिरा पारा

- तापमान में जबरदस्त गिरावट
- नागपुरवासी सुकून महसूस कर रहे
Nagpur News तेज हवा के साथ हुई बारिश से नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान सामान्य से नीचे रहा। नागपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री कम रहा। तापमान में आई इस गिरावट से मौसम ठंडा हो गया है। मई माह में प्रचंड गर्मी होती है, ऐसे समय गर्मी से राहत मिलने से नागपुरवासी सुकून महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को नागपुर का अधिकमत तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
विदर्भ में यलो अलर्ट : मौसम विभाग के अनुसार देशभर में हो रही बेमौसम बारिश से ठंडी हवा आ रही है। नागपुर समेत विदर्भ में हुई बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई है। धूप नहीं खिलने से तापमान में गिरावट आई आैर गर्मी के मौसम में गुरुवार को दिनभर गुलाबी ठंड का एहसास हुआ। जिले में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार 23 मई को तेज हवा के साथ जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य से कम बना रहेगा। नागपुर समेत विदर्भ में बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है।
नवतपा का असर नहीं : मौसम के जानकारों की मानें, तो इस बार जिले में नवतपा का असर दिखाई नहीं देगा। 23 मई से 31 मई तक तापमान चरम पर होता है। नागपुर का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंचता है, लेकिन इस बार यह रिकॉर्ड टूटने या इसके आसपास भी पारा पहुंचने की संभावना नजर नहीं आ रही। नवतपा में लू का खतरा सबसे ज्यादा होता है, लेकिन तापमान में आई कमी के कारण अब लू लगने का खतरा नहीं के बराबर है।
Created On :   23 May 2025 12:11 PM IST