Nagpur News: युवाओं में नशे की लत - आरएसएस की महिला विंग चिंतित जनजागरण का अभियान चलाएगी

युवाओं में नशे की लत - आरएसएस की महिला विंग चिंतित जनजागरण का अभियान चलाएगी
  • समिति के कार्य का विस्तार
  • 38 प्रांतों की 500 सेविकाएं प्रतिनिधि

Nagpur News. युवाओं में नशे की लत सरकार व समाज के लिए चिंता का विषय बन चला है। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में नशा बड़ी अड़चन प्रतीत हो रहा है। ऐसे में विविध स्तर पर नशामुक्ति के अभियान चलाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महिला विंग समझी जाने वाली राष्ट्रसेविका समिति भी इस मामले को लेकर अभियान में बड़े स्तर पर योगदान की तैयारी कर रही है। समिति ने युवाओं में नशे की लत को लेकर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया है। साथ ही सरकार व सामाजिक संगठनों की ओर से चलाए जाने वाले अभियानों में सहभागी होने का निर्णय लिया है।

नशा मुक्त युवा अभियान

रेशमबाग में 17 जुलाई से चल रहे राष्ट्रसेविका समिति का अधिवेशन रविवार 20 जुलाई को समाप्त होगा। इस अधिवेशन में समिति ने जिन प्रमुख विषयों पर कार्य करने का निर्णय लिया है, उनमें नशामुक्ति अभियान का भी समावेश है। उल्लेखनीय है कि देश में 35 वर्ष से कम उम्र के युवाओं की उम्र 65 प्रतिशत है। युवाओं में नशे की लत से कई संकट सामने आ रहे हैं। केंद्र सरकार ने नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान आरंभ किया है। विद्यालयों, महाविद्यालयों में नशामुक्त कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रसेविका समिति भी इस तरह के कार्यक्रमों में योगदान देगी।

समिति के कार्य का विस्तार : बताया गया है कि राष्ट्रसेविका समिति के संगठन कार्य के विस्तार की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मनाने की तैयारी कर रहा है। संघ के शताब्दी वर्ष समारोह से संबंधित कार्यक्रमों में सहभागी होकर राष्ट्रसेविका समिति अपने संगठन विस्तार के कार्य को भी गति देगी।

38 प्रांतों की 500 सेविकाएं प्रतिनिधि : समिति के अधिवेशन में 38 प्रांतों की 500 सेविकाएं प्रतिनिधि के रूप में सहभागी हुई हैं। बीते वर्ष में समिति की शाखाओं, मिलन केंद्रों, शाखायुक्त जिलों और सेवा कार्यों की संख्या में वृद्धि हुई है। देशभर में 1799 स्थानों पर महिलाओं के लिए सेवा कार्यों की शुरुआत की गई है, जिनमें संस्कार वर्ग, स्वावलंबन योजनाएं, आरोग्य योग केंद्र और दुर्गम क्षेत्रों की छात्राओं के लिए छात्रावासों का संचालन सम्मिलित है। वर्ष 2025 में 224 स्थानों पर शिक्षा वर्गों का आयोजन हुआ, जिसमें 15,273 सेविकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

Created On :   20 July 2025 8:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story