- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर ,...
Nagpur News: कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर , नागपुर जिले में भू-मापन का काम ठप

- सरकार लंबित मांगों का समाधान नहीं कर रही
- कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर संविधान चौक पर धरने पर बैठे
Nagpur News भू-अभिलेख कर्मचारी संगठन ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से काम बंद आंदोलन शुरू किया। कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर जाने से जिले में भू-मापन का काम ठप पड़ गया है। भू-अभिलेख कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर संविधान चौक पर धरने पर बैठे हैं। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष दिलीप गरजे ने कर्मचारियों की मांगों को तुरंत मंजूर करने की मांग की। मांगें मंजूर नहीं होने पर आंदोलन तीव्र करने की चेतावनी सरकार को दी है।
40 साल से तकनीकी वेतन ग्रेड की मांग है : भू-अभिलेख कर्मचारियों में रोष है, क्योंकि सरकार उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं कर रही है। सरकार की इस देरी के खिलाफ महाराष्ट्र राज्य भू-अभिलेख कर्मचारी संगठन, पुणे विभाग ने काम बंद आंदोलन शुरू किया है। इस हड़ताल काे समर्थन देते हुए विदर्भ भू-अभिलेख कर्मचारी संगठन ने आंदोलन के पहले चरण में काली पट्टी बांधकर काम किया। बावजूद सरकार द्वारा मांगें मंजूर नहीं करने पर संगठन ने सोमवार से काम बंद आंदोलन शुरू कर दिया है। हड़ताल के कारण नागपुर जिले में पुनरीक्षण सहित भू-मापन का काम पूरी तरह ठप हो गया है। सीमा सर्वेक्षण, भूमि अधिग्रहण, न्यायालय आयोग, न्यायालय आवंटन और गैर-कृषि सर्वेक्षण का काम रुक गए हैं। नगर सर्वेक्षण कार्यालय उत्तराधिकार, खरीद, भार और अन्य अभिलेखों से संबंधित सभी कार्य ठप हो गए हैं। भू-अभिलेख कर्मचारी पिछले 40 वर्षों से तकनीकी वेतन ग्रेड पाने का प्रयास कर रहे हैं।
विभाग से 1500 कर्मचारी आंदोलन में शामिल : संगठन के अध्यक्ष गरजे ने बताया कि, फिलहाल नागपुर जिले से करीब 225 कर्मचारी और नागपुर विभाग से 1500 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं। सरकार मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे। संविधान चौक पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। इसमें संगठन के नागपुर जिला अध्यक्ष गौरव रोकड़े, उपाध्यक्ष गणेश चंाभारे, विशाल खलोरे, प्रमोद रामटेके, राजेश होले, मृणाल द्रव्यकर, कविता बोरिकर, सारिका मते, संध्या मोरे, रितेश चिचखेड़े, ताराचंद वैद्य, प्रदीप मिश्रा, हरेराम केदार, प्रकाश श्रीरामे आदि शामिल थे।
Created On :   27 May 2025 1:57 PM IST