Nagpur News: महामंडलों में नियुक्ति को लेकर फिर जागी उम्मीदें, इच्छुक नेताओं ने शुरु की लॉबिंग

महामंडलों में नियुक्ति को लेकर फिर जागी उम्मीदें, इच्छुक नेताओं ने शुरु की लॉबिंग
  • मुंबई में वरिष्ठ नेताओं से संपर्क बढ़ाया
  • भाजपा के सहयोगी दलों में अधिक हलचल

Nagpur News. विविध महामंडलों में नियुक्ति को लेकर महायुति में चर्चा के साथ ही इच्छुक नेताओं में नियुक्ति को लेकर उम्मीदें जागी है। इच्छुक नेताओं ने मुंबई में लॉबिंग शुरु कर दी है। वरिष्ठ नेताओं से संपर्क बढ़ाया जा रहा है। महायुति में सहभागी भाजपा के मित्रदल शिवसेना शिंदे व राकांपा अजित में नियुक्ति को लेकर अधिक हलचल है। संकेत दिए जा रहे हैं कि विधानमंडल का मानसून अधिवेशन समाप्त होते हुुए महामंडलाें व कुछ मंडलों के लिए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी। राकांपा अजित गुट के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार महायुति में महामंडलों की नियुक्ति को लेकर निर्णायक चर्चा हो चुकी है। राकांपा अजित के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में जानकारी साझा की है। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी के तहत विभागवार प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाएगा। विदर्भ व नागपुर वभा को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। इन नियुक्तियाें के लिए महायुति की समन्वय समिति की बैठक हुई है। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, शिवसेना शिंदे के मंत्री शंभुराजे देसाई व राकांपा अजित गुट के हसन मुश्रीफ उपस्थित थे। राज्य में विविध महामंडलों के 785 सदस्य नियुक्त किए जाएंगे।

कुछ महामंडलों का पुनर्गठन किया जाएगा। महायुति की ओर से पहले ही कहा जा चुका है कि महामंडल नियुक्ति में भाजपा की 48 प्रतिशत, शिवसेना शिंदे 29 प्रतिशत व राकांपा अजित की 23 प्रतिशत भागीदारी रहेगी। दावा किया जा रहा है कि महामंडलों की नियुक्ति में सबसे अधिक जोर मुंबई मनपा चुनाव की तैयारी पर ही रहेगा। मुम्बई म्हाडा, सिडको, एमएमआरडीए, एमटीडीसी की नियुक्तियां सबसे अधिक होगी। लेकिन अन्य महामंडलों के लिए भी नामों पर आरंभिक चर्चा की जा रही है। 2024 में विधानसभा चुनाव के पहले कुछ महामंडलों की नियुक्तियां की गई थी। शिवसेना शिंदे के संजय सिरसाट को सिडको, प्रताप सरनाइक को एसटी व आशीष जैस्वाल को खनिज महामंडल का अध्यक्ष बनाया गया था। अब ये सभी नेता मंत्रिमंडल में शामिल है। कुछ अन्य नेताओं को सामाजिक विकास संबंधी आयोगाें की जिम्मेदारी दी गई थी। उनमें से मंत्री बननेवालों में यवतमाल जिले के अशोक उइके का समावेश है। ऐसे में महामंडलों के लिए नई नियुक्तियां की जाएगी। राकांपा अजित गुट ने राजेंद्र जैन व अन्य नेताओं के साथ मिलकर करीब 12 नामों की सूची तैयार की है। उधर शिवसेना शिंदे गुट से आशीष जैस्वाल, कृपाल तुमाने व नरेंद्र भोंडेकर अपने करीबियों को महामंडल में स्थान दिलाने के प्रयास में हैं।

Created On :   10 July 2025 7:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story