Nagpur News: जोरों पर मनपा चुनाव की तैयारी, चुनिंदा प्रभागों पर पूरा फाेकस करेगी बसपा

जोरों पर मनपा चुनाव की तैयारी, चुनिंदा प्रभागों पर पूरा फाेकस करेगी बसपा
  • शुरू हुआ बैठकों का दौर
  • जनसंपर्क कार्यक्रमों का नियोजन जारी
  • तैयारी की माइक्रो प्लानिंग

Nagpur News. मनपा चुनाव की तैयारी कर रही बहुजन समाज पार्टी शहर में चुनिंदा प्रभागों पर फोकस करेगी। पार्टी ने 45 से अधिक नगरसेवक जिताने का लक्ष्य रखा है। चुनाव रणनीति के तहत बैठकों का दौर शुरू हो गया है। जनसंपर्क कार्यक्रमों का नियोजन भी जारी है। 22 मई को मुंबई में प्रदेश प्रभारी राजाराम की उपस्थिति में संगठन कार्य की समीक्षा होगी। 26 से 30 मई तक नागपुर जिले में प्रदेश अध्यक्ष सुनील डोंगरे की उपस्थिति में चुनाव तैयारी से संबंधित कार्यक्रम होंगे। पार्टी की स्थिति मजबूत करने को लेकर नए रणनीतिक निर्णय भी लिए जाएंगे।

तैयारी की माइक्रो प्लानिंग

बसपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील डोंगरे ने दावा किया है कि, नागपुर मनपा चुनाव के लिहाज से बसपा की तैयारी पर्याप्त है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र में सभी स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव की तैयारी की माइक्रो प्लानिंग की जा रही है।

जनाधार कायम है :बसपा के प्रदेश महासचिव पृथ्वीराज शेंडे ने कहा है कि, नागपुर मनपा क्षेत्र में बसपा का जनाधार कायम है। दो दशक से मनपा में बसपा के 10 से 12 नगरसेवक चुने जाते रहे हैं। बसपा ने महापौर बनाओ अभियान चलाया है। 2002 से 2017 तक प्रदेश में बसपा का चुनाव प्रदर्शन अच्छा रहा है। नागपुर जिले में लोकसभा व विधानसभा के चुनावों में बसपा को 50 हजार से 1 लाख तक मतदान मिलता रहा है। 2022 के बाद बसपा को विविध चुनावों में कम मतदान हुआ है। बसपा को कम मतदान मिलने के कारणोें की समीक्षा की जा रही है। शेंडे ने दावा किया है कि, मनपा चुनाव की तैयारी के लिहाज से नागपुर में बसपा की स्थित कमजोर नहीं है। 10 हजार मतदाताओं का संगठनात्मक सेक्टर बनाया गया है। शहर में बसपा के 155 सेक्टर है। बूथ व प्रभाग स्तर पर भी कमेटियां बनी है। सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बौद्ध गया में महाबोधी महाविहार के प्रबंधन को लेकर आंदोलन के माध्यम से बसपा ने जनसंवाद बढ़ाया है। वरिष्ठ बसपा नेता नागाेराव जयकर ने कहा है- संगठन कार्य को जमीनी स्तर पर पूरा किया जा रहा है। उत्तर नागपुर में संगठन कार्य का जिम्मा प्रदेश अध्यक्ष सुनील डोंगरे संभाल रहे हैं। अन्य पदाधिकारियों को 2 से 3 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।

टीमवर्क का अभाव : बसपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा है कि, विविध दावों के बाद भी शहर में संगठन में टीमवर्क का अभाव है। शहर कार्यकारिणी भी पूरी तरह से गठित नहीं हो पायी है। कुछ पदाधिकारियों को लेकर मतभेद बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि, बसपा के नगरसेवक रहे 9 कार्यकर्ता भी बसपा की बैठक में नहीं पहुंच पाए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष भी नियुक्त नहीं कर पाए हैं।

Created On :   18 May 2025 4:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story