Nagpur News: कोल्हापुर की फ्लाइट भी हुई बंद, नई सेवाएं शुरू करने में प्रशासन असफल

कोल्हापुर की फ्लाइट भी हुई बंद, नई सेवाएं शुरू करने में प्रशासन असफल
  • नागपुर से कोल्हापुर के लिए उड़ान सेवा भी बंद
  • नई विमान सेवाओं के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी

Nagpur News जहां एक ओर शहर के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से नई विमान सेवाएं शुरू करने की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी ओर यहां से लगातार विमान सेवाएं बंद होती जा रही हैं। विमान सेवाएं बंद होने का खामियाजा यहां के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक शहरवासियों को नई विमान सेवाओं के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। हाल ही में नागपुर से कोल्हापुर के लिए उड़ान सेवा भी बंद हो गई है। स्टार एयर की वेबसाइट पर 28 अक्टूबर 2025 के लिए बुकिंग दिखा रहा है, लेकिन 27 अक्टूबर तक बुकिंग बंद दिखाई दे रही है। इस बारे में एयरलाइन्स की ओर से कोई अधिकृत बयान नहीं आया है।

दो ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें : एक ओर शहर की पहचान मेट्रो सिटी की रूप में होती है। आईटी हब के रूप में भी नागपुर विकसित हो रहा है। यहां से विविध गंतव्य के लिए अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए अनुकूल वातावरण है। शहर के औद्योगिक संगठन भी नई उड़ानें शुरू करने के लिए लगातार सरकार के संपर्क में हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नागपुर दौरे पर उनसे सिंगापुर के लिए उड़ान सेवा शुरू करने की मांग की गई थी। सिंधिया ने इस संदर्भ में सकारात्मक प्रतिसाद दिया था, लेकिन इसके बाद यह मांग ठंडे बस्ते में चली गई।

अंतरराष्ट्रीय तो दूर प्रशासन डोमेस्टिक उड़ानें भी शुरू रखने में असमर्थ है। नागपुर से मुंबई, दिल्ली, पुणे, कोलकाता, हैदराबाद, बंगलुरु के लिए विमान सेवा पिछले कुछ वर्षों से लगातार शुरू है, लेकिन लखनऊ, औरंगाबाद, नाशिक, कोल्हापुर, जयपुर जैसे शहरों के लिए उड़ानें अब बंद हाे चुकी हैं। नोएडा-नागपुर सेवा की घोषणा भी हवा-हवाई दिख रही है। एमएडीसी की उपाध्यक्ष व व्यवस्थापकीय संचालक स्वाति पांडे ने इंडिगो एयरलाइन्स के साथ चर्चा का एशियाई देशाें के लिए विमान सेवा शुरू करने की विनती की थी। लेकिन, एक भी नई अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू नहीं हो पाई।


Created On :   6 Aug 2025 4:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story