Nagpur News: नागपुर मेडिकल हॉस्पिटल में 3 घंटे ऑक्सीजन बंद, पाइप लाइन में लीकेज

नागपुर मेडिकल हॉस्पिटल में 3 घंटे ऑक्सीजन बंद, पाइप लाइन में लीकेज
  • एहतियातन वार्डों में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाए गए
  • समय रहते पता चलने से टल गई बड़ी अनहोनी

Nagpur News शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) के ऑपरेशन थिएटर ‘बी’ में अचानक ऑक्सीजन पाइप लाइन लीकेज हो गई। इससे हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मरम्मत करने वाली टीम को सूचना दी गई। तुरंत मेडिसिन वार्ड में ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद पाइप लाइन मरम्मत का काम किया गया। करीब तीन घंटे तक पाइप लाइन से ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद रही। समय पर पता चलने से बड़ी घटना टल गई।

टेक्निकल टीम ने की मशक्कत : मेडिकल परिसर में वार्डों व ऑपरेशन थिएटर में मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए ऑक्सीजन की पाइप लाइन है। मरीजों के बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है। ऑक्सीजन प्लांट से पाइप लाइन के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की दोपहर करीब 11 बजे ऑपरेशन थिएटर ‘बी’ में लगी पाइप लाइन से ऑक्सीजन लीकेज हो गया। इससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी संबंधित वार्ड की इंचार्ज सिस्टर को दी। चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी को जानकारी मिलते ही तुरंत मरम्मत करने वाली टीम को बताया गया। टीम के लोगों ने ऑक्सीजन आपूर्ति बंद कर दी। आपूर्ति बंद करने से मरीजों की सेवा में बाधा न आये, इसलिए ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए। तत्काल वार्डों में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाए गए। शाम तक मरम्मत शुरू थी। तीन घंटे बाद पाइप लाइन में सुधार हुआ। सुरक्षा के लिहाज से तत्काल कदम उठाए जाने से बड़ी घटना टल गई।

यह लापरवाही कभी भी पड़ सकती है भार : मेडिकल में निर्माण व नवीनीकरण कार्य के चलते अनेक बदलाव किये गए हैं। पुराने वार्ड क्रमांक 49 का नवीनीकरण हो रहा है। इसलिए इस वार्ड को पहली मंजिल पर वार्ड क्रमांक 13 के पास स्थानांतरित किया गया है। पुराने वार्ड में 30 से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर रखे हैं। यह सिलेंडर 6 महीने से एक ही स्थान पर पड़े हैं। सभी सिलेंडर ऑक्सीजन से भरे हैं। इससे दुर्घटना का खतरा बना है। नवीनीकरण कार्य चलने के बावजूद वहां के सिलेंडर सुरक्षित स्थानों पर नहीं रखे गए हैं। यहां सुरक्षा के लिहाज से किसी को तैनात नहीं किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत तकनीकी टीम को अलर्ट कर मरम्मत का काम शुरू किया गया।


Created On :   6 Aug 2025 11:04 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story