- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर से हॉलीवुड तक: अमन मोरोणे की...
Nagpur News: नागपुर से हॉलीवुड तक: अमन मोरोणे की ऐतिहासिक उड़ान
- पैरामाउंट पिक्चर्स की फिल्म 'द स्मर्फ्स' से अमन का भव्य हॉलीवुड डेब्यू
- रिहाना, टायला और जेम्स कॉर्डन संग फिल्म में दिखेगा भारतीय सुरों का जादू
- नागपुर के युवा संगीतकार ने रचे चार मूल गीत
Nagpur News नागपुर की संगीत गलियों से निकलकर अब हॉलीवुड की चमकदार दुनिया में कदम रखने वाले युवा संगीतकार अमन मोरोणे ने इतिहास रच दिया है। पैरामाउंट पिक्चर्स की बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘द स्मर्फ्स’ में उनके द्वारा रचे गए चार मूल गीत शामिल किए गए हैं, जो 18 जुलाई को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित होने जा रही है।
भारतीय धुनों का वैश्विक रंग : अमन ने ‘द इंडियन कनेक्ट’ नामक अपने म्यूजिक कलेक्टिव के साथ मिलकर ये चार गीत तैयार किए हैं। इन गीतों का संगीत निर्देशन किया है हेनरी जैकमैन ने, जो हॉलीवुड के विश्वप्रसिद्ध संगीतकार हैं। फिल्म में रिहाना, टायला और जेम्स कॉर्डन जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे हैं, जो अमन के गीतों को और भी ऊंचाई पर ले जाएंगे।
मोरोणे घराने की विरासत : अमन मोरोणे नागपुर के प्रसिद्ध मोरोणे संगीत परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता अविनाश मोरोणे जाने-माने तबला वादक हैं और माता मीना मोरोणे एक कुशल गायिका। भाई कर्नल अनिरुद्ध मोरोणे भी संगीत में पारंगत हैं।
शास्त्रीय संगीत से लेकर वैश्विक मंच तक : गिटार की शुरुआती शिक्षा संजय गाडे और गोपाल पुरोहित से लेकर ‘जेनेसिस’ बैंड की स्थापना तक, अमन ने संगीत की विभिन्न धाराओं में प्रयोग किया। उन्होंने राधिका कपले और सौरभ धमने के साथ मिलकर भारतीय शास्त्रीय और पाश्चात्य संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
संघर्ष और समर्पण की मिसाल : इंजीनियरिंग की पढ़ाई बीच में छोड़कर अमन ने ब्रिटेन में म्यूजिक टेक्नोलॉजी की शिक्षा ली। मुंबई में उन्होंने एमटीवी कोक स्टूडियो, अनप्लग्ड, भाग मिल्खा भाग, भारत, लैला मजनूं जैसे प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया और फिर 2022 में लॉस एंजेलिस पहुंचे। वहां उन्हें टाय टाय स्मिथ जैसे संगीत जगत के दिग्गजों के साथ काम करने का अवसर मिला।
युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा : आज अमन ‘द मीडिया ट्राइब’ संस्था के जरिए नए संगीतकारों और साउंड इंजीनियरों को मार्गदर्शन भी दे रहे हैं। उनका यह सफर आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुका है।
एक नगरीय कलाकार से वैश्विक संगीत निर्देशक तक का अमन का यह सफर साबित करता है कि यदि जुनून सच्चा हो, तो नागपुर की गलियों से भी हॉलीवुड की राह निकाली जा सकती है। अमन मोरोणे को यह ऐतिहासिक उपलब्धि सम्पूर्ण देश के लिए गर्व का विषय है।
खुशी का ठिकाना नहीं था : जब पैरामाउंट ने हमें ‘द स्मर्फ्स’ के लिए गीत रचने का प्रस्ताव दिया, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था। ये मेरे जीवन का सबसे बड़ा और गर्वपूर्ण क्षण है।– अमन मोरोणे
Created On :   16 July 2025 3:48 PM IST