- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर शहर के सीए रोड से बाघिन के...
Nagpur News: नागपुर शहर के सीए रोड से बाघिन के दो शावक हो गए चोरी

- सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए थे पुतले
- दूसरी बार हुई घटना, जिम्मेदार बेखबर
Nagpur News शीर्षक पढ़कर आश्चर्य होगा। यह सच है कि सीए रोड से बाघिन के दो शावक (पुतले) चोरी हो गए हैं। यह दूसरी बार हुआ है। इस चोरी के बारे में मनपा के अधिकारी को जानकारी तक नहीं है। नागपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए करोड़ों रुपए की योजनाएं साकार हो रही हैं। सौंदर्यीकरण के लिए शहरभर के चौराहों पर विविध प्रकार के पुतले स्थापित किए गए हैं। इनकी निगरानी व रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शहर की व्यस्ततम मुख्य सड़क सेंट्रल एवेन्यू रोड के एक स्थान पर बाघिन के साथ उसके तीन शावक स्थापित किए गए थे। अब यहां बाघिन और एक शावक हैं। दो शावक चोरी हो चुके हैं।
कलाकार ने दोबारा स्थापित किए थे : नागरिकों ने बताया कि चोरी की यह घटना दूसरी बार हुई है। करीब दो महीने पहले सीए रोड पर सेवासदन से अग्रसेन चौक के बीच दायीं ओर बाघिन और उसके तीन शावक के पुतले स्थापित किए गए। महीनाभर बाद ही दो शावक चोरी हो गए थे। उस समय संबंधित कलाकार ने दोबारा पुतले बनाकर दिए। उन्हें पुन: स्थापित किया गया। अब दूसरी बार दो शावकों के पुतले चोरी हो चुके हैं। शावक व बाघिन के पुतलों की कीमत दो लाख रुपए बताई गई है।
सीसीटीवी से खुलेगा राज : सरकारी संपत्ति की चोरी की घटना के बारे में कहीं कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। चर्चा है कि सौंदर्यीकरण के बाद निगरानी और रखरखाव के प्रति स्थानीय प्रशासन की लापरवाही है, जिससे सार्वजनिक संपत्ति की चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। शहरभर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। प्रतिष्ठानों के बाहर निजी कैमरे लगे हैं। इन कैमरों को खंगालने पर चोरी का राज खुल सकता है।
जांच की जाएगी : बाघिन के दो शावक चोरी होने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। कोई शिकायत भी नहीं आई है। अगर ऐसा हुआ है, तो इसकी संबंधितों से पूछताछ की जाएगी, घटना की जांच की जाएगी। चोरी की घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। -गणेश राठोड, सहायक आयुक्त, गांधीबाग जोन, नागपुर
कड़ी कार्रवाई हो : प्रशासन ने सौंदर्यीकरण करते समय किस स्थान पर क्या करना चाहिए, इसकी भौगोलिक व सामाजिक स्थिति की जानकारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से लेनी चाहिए। प्रशासन ने निर्णय लेते समय इस भूमिका से दूरी बनाई। जो घटना हुई है, वह निंदनीय है। प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच व कड़ी कार्रवाई करे। -दयाशंकर तिवारी, भाजपा शहर अध्यक्ष नागपुर
Created On :   31 May 2025 8:23 PM IST