Nagpur News: तालाब और विवेकानंद स्मारक की स्वच्छता चाहते हैं नागपुरवासी, गंदगी का अंबार

तालाब और विवेकानंद स्मारक की स्वच्छता चाहते हैं नागपुरवासी, गंदगी का अंबार
  • मानसून में जलभराव, अब सूखी झाड़ियां
  • ‘आई लव माय नागपुर’ भी उपेक्षित
  • पुलिया के नीचे गंदगी का साम्राज्य

Nagpur News. ऐतिहासिक अंबाझरी तालाब शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहा है। इसके किनारे स्थित विवेकानंद स्मारक भी पर्यटकों को लुभाता है। बड़े अक्षरों में लिखा ‘आई लव माय नागपुर’ यहां की शोभा बढ़ाता है। लेकिन इसके आसपास की हरियाली सूख चुकी है। पौधे भी मुरझा चुके हैं। नागपुर की आधुनिक पहचान के इस प्रतीक को प्रशासन की लापरवाही ने फीका कर दिया है। तालाब विवेकानंद स्मारक का पूरा इलाका गंदगी और दुर्गंध का शिकार है। फिर भी ‘आई लव माई नागपुर’ का जज्बा रखने वाले नागरिक चाहते हैं कि प्रशासन तत्काल इसकी स्वच्छता पर ध्यान दे।

मानसून में जलभराव, अब सूखी झाड़ियां

मानसून के दौरान विवेकानंद स्मारक के परिसर में जलभराव सामान्य बात है, लेकिन वर्तमान समय में स्थिति उलट चुकी है। बरसात के दिनों में जहां नमी के कारण कुछ हरियाली देखने को मिलती थी, अब वह हरियाली अनियंत्रित झाड़ियों का रूप ले चुकी है। इन झाड़ियों के कारण स्मारक परिसर की सुंदरता पूरी तरह ढंक गई है। साफ-सफाई के अभाव में यह क्षेत्र अब उपेक्षित जंगल जैसा प्रतीत होता है।

‘आई लव माय नागपुर’ भी उपेक्षित

कभी इस क्षेत्र की शोभा बढ़ाने वाला ‘आई लव माय नागपुर’ का चिन्ह भी अब अपनी पहचान खो रहा है। इसके चारों ओर की हरियाली अब सूख चुकी है और पौधे मुरझा गए हैं। यह चिन्ह नागपुर की आधुनिक पहचान का प्रतीक था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते शहर की प्रतिष्ठा को भी आघात पहुंच रहा है। स्थानीय लोग इस उपेक्षा से बेहद खिन्न हैं। अब नागरिकों को यहां आने से पहले दो बार सोचना पड़ता है। सुरक्षा, सफाई और सौंदर्य - तीनों की कमी साफ दिख रही है।

पुलिया के नीचे गंदगी का साम्राज्य

स्मारक के पास स्थित पुलिया के नीचे गंदगी का अंबार जमा हो गया है। थोड़े से पानी में जमी काई, प्लास्टिक कचरा और दुर्गंध फैलाते गंदे नाले ने पूरे वातावरण को प्रदूषित कर दिया है। सड़क निर्माण कार्य के चलते स्थिति और भी बिगड़ती जा रही है।

Created On :   5 May 2025 7:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story