- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ओडिशा से नागपुर आ रहा था ट्रक,...
Nagpur News: ओडिशा से नागपुर आ रहा था ट्रक, पुलिस ने गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार

- आरोपी 9 जून तक पुलिस रिमांड पर
- गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
Nagpur News ओडिशा सेजबलपुर मार्ग से नागपुर में गांजा लेकर आए आयसर ट्रक चालक के साथ नागपुर के गांजा तस्कर पलाश वानखेडे को कलमना पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी ट्रक चालक अविनाश संजय ढोके (34) प्लॉट नंबर 690, आनंद नगर, बिनाकी यशोधरा नगर निवासी और डिलीवरी लेने वाला पलाश विद्याधर वानखेडे (31) प्लाट नंबर 25, सूर्योदय नगर नरसाला रोड हुड़केश्वर निवासी है। 108 किग्रा गांजा की कीमत 27 लाख रुपए बताई गई है। कुल 43 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को कलमना पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 9 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया गया है।
पुलिस की तीन टीम बनाई गई थी : बुधवार को कलमना थाने में आयोजित पत्र परिषद में उपायुक्त निकेतन कदम ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के बारे में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। माल जबलपुर मार्ग से होते हुए एचबी टाउन से यशोधरा नगर में पहुंचने की जानकारी थी। इसके लिए कलमना थाने की 3 टीमें गठित की गई थीं। अविनाश कलमना क्षेत्र में चिखली में काली माता मंदिर के पास आयसर ट्रक क्रमांक एमएच 40 वाई-9962 से उतारकर महिंद्रा एसयूवी 500, क्रमांक एमएच 31-ईके 5232 में डाल रहा था, तभी दबोच लिया गया। उसने बताया कि वह माल ओडिशा से लेकर आया है। यह माल पलाश का था। अविनाश को 1 किलो गांजा के बदले एक हजार रुपए पलाश देता था। वह 108 किग्रा गांजा लेकर आया था। उसे करीब 1 लाख 8 हजार रुपए मिलने वाले थे। इसके पहले भी अविनाश ओडिशा से दो बार माल ला चुका है।
ओडिशा जाएगी पुलिस की टीम : पत्र परिषद में बताया गया है कि आरोपी अविनाश ओडिशा में कहां से माल लाता था, इसकी जांच करने कलमना थाने की एक टीम उसे लेकर ओडिशा जाएगी। वह कैसे माल वहां से लेकर नागपुर आता था, इसका प्रात्याक्षिक कर पुलिस गांजा तस्करी के बारे में जानकारी एकत्रित करेगी। ओडिशा में गांजा तस्कर की भी तलाश की जाएगी। ऑपरेशन थंडर के तहत पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र धाबड़े, उपायुक्त निकेतन कदम, उपायुक्त राहुल माखनीकर, एसीपी विशाल क्षीरसागर के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
Created On :   5 Jun 2025 1:05 PM IST