Nagpur News: संपत्ति कर, रियायत का आखिरी दिन और सर्वर डाउन, घंटों कतार में दिखे लोग

संपत्ति कर, रियायत का आखिरी दिन और सर्वर डाउन,  घंटों कतार में दिखे लोग
  • मनपा के सभी दस जोन में लगी लंबी लाइन
  • लोग देर रात तक अपने मोबाइल से भुगतान करने में लगे रहे

Nagpur News मनपा ने आर्थिक वर्ष 2025-26 का संपत्ति कर 30 जून तक भरने पर 10 से 15 फीसदी रियायत की घोषणा की थी। कार्यालय में आकर संपत्ति कर भरने पर 10 फीसदी व ऑनलाइन भुगतान करने पर 15 फीसदी की रियायत दी जा रही थी। रियायत का लाभ पाने के लिए हजारों लोग मनपा के जोन कार्यालयों में पहुंचे, लेकिन दिन भर सर्वर डाउन रहने से लोगों को भारी परेशानी हुई। जोन कार्यालयों में लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। संपत्ति कर भरने आए लोगों का कर्मचारियों से विवाद भी हुआ।

देर रात तक लोग रहे परेशान : शनिवार व रविवार को अवकाश होने से मनपा कार्यालय बंद थे। सोमवार 30 जून रियायत का आखिरी दिन होने से बड़ी संख्या में लोग जोन कार्यालयों में पहुंचे। सर्वर डाउन होने से संपत्ति कर भुगतान की गति बेहद धीमी रही। दोपहर 1.30 बजे तक सर्वर डाउन रहने से काम नहीं के बराबर हुआ। 2 बजे के दौरान सर्वर शुरू हुआ तो काम ने गति पकड़ी, लेकिन फिर से सर्वर डाउन हुआ।

कतार में खड़े लोगों का आधे घंटे बाद नंबर आ रहा था। भुगतान में हो रही परेशानी के कारण कतार में लगे लोग कर्मचारी से विवाद कर रहे थे। मनपा कार्यालयों में शाम 5 बजे तक ही कर का भुगतान किया जा सका। वहीं ऑनलाइन रात 12 बजे तक कर सकते थे, मगर सर्वर कभी शुरू तो कभी बंद हो जाता था। इस कारण ऑनलाइन भुगतान करने में भी बहुत समय लग रहा था। मनपा जोन कार्यालय पहुंचे कई लोग लंबी कतार देखकर वापस चले गए। 15 फीसदी रियायत के चक्कर में लोग देर रात तक अपने मोबाइल से भुगतान करने में लगे थे।

Created On :   1 July 2025 2:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story