Nagpur News: राकांपा शरद गुट में बड़े बदलाव के संकेत, सत्ता से जुड़ने के सुझावों पर होगी चर्चा

राकांपा शरद गुट में बड़े बदलाव के संकेत, सत्ता से जुड़ने के सुझावों पर होगी चर्चा
  • मुंबई रवाना होंगे पदाधिकारी
  • राकांपा शरद गुट में बड़े बदलाव के संकेत
  • मिल सकता है नया दायित्व

Nagpur News. राकांपा शरद गुट में बड़े बदलाव के साफ संकेत हैं। प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील के इस्तीफे के बाद मंगलवार 15 जुलाई को मुंबई में यशवंतराव चव्हाण सेंटर में कार्यकारी समिति की बैठक होगी। इस बैठक को संगठन की दिशा व दशा तय करने के संबंध में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के लिए जिले से पार्टी पदाधिकारी सोमवार को मुंबई रवाना होंगे। कार्यकर्ताओं में सस्पेंस कायम है। राकांपा के जिला ग्रामीण के अध्यक्ष प्रवीण कुंटे ने कहा है कि बैठक के माध्यम से स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी को रणनीतिक दिशा भी दी जा सकती है।

मिल सकता है नया दायित्व

पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा है-नागपुर व विदर्भ के लिहाज से राकांपा में संगठनात्मक बदलाव अधिक महत्व नहीं रखेगा। जयंत पाटील यहां के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सीधे तौर से जुड़े नहीं रहे हैं। राकांपा में विभाजन के बाद पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ही नागपुर व विदर्भ में राकांपा शरद गुट के बड़े नेता के तौर पर काम कर रहे हैं। आपसी स्पर्धा के बाद भी जिले में राकांपा शरद गुट में कुछ पुराने नेता व पदाधिकारी कायम हैं। पूर्व मंत्री रमेश बंग, पूर्व विधानपरिषद सदस्य प्रकाश गजभिये, शब्बीर विद्रोही, दुनेश्वर पेठे व अन्य कुछ पदाधिकारी संगठन के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन मुख्य कमान अनिल देशमुख और उनके पुत्र सलिल देशमुख ही संभाल रहे हैं। अनिल देशमुख सीधे शरद पवार से जुड़े हुए हैं। सलिल देशमुख का रोहित पवार के साथ अच्छा सामंजस्य रहा है।

बैठक का इंतजार

प्रदेश के समान स्थानीय स्तर पर भी राकांपा शरद गुट में इस बात पर सहमति है कि सत्ता से जुड़ना आवश्यक है। कुछ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का कहना है कि सत्ता से जुड़कर क्षेत्र विकास के कार्य किए जा सकते हैं। शरद गुट को अजित गुट में शामिल कर लेना चाहिए। स्थानीय स्तर पर राकांपा को प्रफुल पटेल समान नेताओं का संरक्षण आवश्यक है। यह भी कहा जा रहा है कि अजित पवार के साथ के बजाय राजग में शामिल होना चाहिए। केंद्र में भाजपा के साथ रहे तो राकांपा शरद गुट को राज्य व स्थानीय स्तर पर भी सत्ता का लाभ मिल पाएगा। चर्चाओं के बीच मंगलवार की बैठक का इंतजार किया जा रहा है।

Created On :   14 July 2025 5:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story