- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सुवर्णा शास्त्री न्यायिक सेवा...
Nagpur News: सुवर्णा शास्त्री न्यायिक सेवा परीक्षा में विदर्भ से पहली, महाराष्ट्र में आठवां स्थान किया हासिल

- पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की
- महाराष्ट्र में सर्वाधिक 81 अंक प्राप्त किए
Nagpur Newsसिविल जज जूनियर लेवल और प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट 2022 की प्रतियोगी परीक्षा में नागपुर की सुवर्णा विनायक शास्त्री ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर महाराष्ट्र में आठवां और विदर्भ में पहला स्थान प्राप्त किया है। महज 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की।
इस परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2023 में और मुख्य परीक्षा अगस्त 2024 में आयोजित हुई थी। दोनों चरणों को सफलतापूर्वक पार कर सुवर्णा ने 26 मार्च 2025 को मुंबई में आयोजित अंतिम साक्षात्कार दिया। मुख्य परीक्षा के सिविल पेपर-1 में उन्होंने महाराष्ट्र में सर्वाधिक 81 अंक प्राप्त कर अपनी योग्यता साबित की। नागपुर विश्वविद्यालय के एल.एल.एम. (संविधान और प्रशासनिक कानून) में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर उन्होंने दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा न्यू इंग्लिश स्कूल, महाल और माध्यमिक शिक्षा प्रेरणा कॉलेज ऑफ कॉमर्स से पूरी की। जी.एच. रायसोनी कॉलेज ऑफ लॉ से एल.एल.बी. की डिग्री 81% अंकों के साथ पूरी करने के बाद, गोविंदराव वंजारी कॉलेज ऑफ लॉ से एल.एल.एम. की डिग्री 86% अंकों के साथ हासिल की। उनके पिता विनायक शास्त्री चंद्रपुर जिले के निलजई (तहसील वरोरा) के किसान थे। 2004 में उनके निधन के बाद, सुवर्णा की मां प्रवीणा शास्त्री ने न्यू इंग्लिश प्राइमरी स्कूल, महाल में निजी शिक्षक के रूप में काम कर अपनी तीनों बेटियों को शिक्षित किया।
Created On : 19 Jun 2025 10:42 AM