- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अब ठगों को किराए पर दिया जाता है...
Nagpur News: अब ठगों को किराए पर दिया जाता है खाता, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Nagpur News साइबर अपराधी अब किराए पर खाता लेकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। साइबर पुलिस ने विपिन शर्मा नामक आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार किया है, जिसमें आरोपी योगेश बागड़े और मंगेश चन्ने, कलमना निवासी है। विपिन किराए पर खाता देता था। जिसे खाता देता था उससे पैसे वसूलता था। साइबर पुलिस ने एक गृहणी और डॉक्टर को जाल में फंसाकर 38 लाख की ठगी करने का मामला दर्ज किया है। ठगों ने बीमा पॉलिसी और शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा देकर ठगी की।
निवेश के लिए प्रेरित किया : बजाज नगर क्षेत्र की गृहिणी को पति के देहांत के बाद उनके पॉलिसी की रकम बीमा कंपनी से मिलने वाली थी। अप्रैल 2022 में आशीष भारद्वाज ने उन्हें फोन कर बताया कि, वह ‘मेट लाइफ’ से बाेल रहा हूं और महिला को पॉलिसी बनाने पर एक करोड़ मिलने का झांसा दिया। आशीष के साथ अमित पाठक, सुनील चव्हाण, अमन सैनी व एसबीआई के खाता धारक ने महिला से संपर्क किया और उसे निवेश के लिए प्रेरित किया। महिला ने 3 साल में 23 लाख रुपए निवेश किए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने बातचीत करना बंद कर दिया। महिला ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत की है।
मुनाफा मांगने पर बातचीत बंद की : 18 जुलाई को अज्ञात आरोपी ने एक डॉक्टर को शेयर बाजार में निवेश करने पर काफी मुनाफा होने का झांसा देकर वॉट्स एप ग्रुप से जोड़ा, जिसमें करीब 68 सदस्य जुड़े थे। सदस्यों ने डॉक्टर को भरोसा दिलाया कि, उन्हें फायदा हुआ है। झांसे में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों में 15 लाख रुपए ट्रांसफर किए। मुनाफा मांगने पर टालमटोल करने पर डॉक्टर ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत की। जांच के दौरान कुछ बैंक खाते स्थानीय होने का खुलासा होने पर साइबर पुलिस ने विपिन शर्मा और उसके उक्त दो साथियों को गिरफ्तार किया है। विपिन ने शर्मा ट्रेडर्स के खाते में ठगी की राशि जमा करवाई थी। पूछताछ में उसने बताया कि, वह ठगों को बैंक खाता किराए पर देता था। पुलिस ने बताया कि, प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने 12 लाख रुपए फ्रीज किए हैं।
Created On :   10 Oct 2025 1:20 PM IST