Nagpur News: 4407 सफाई कर्मी मनपा की सेवा में होंगे शामिल

4407 सफाई कर्मी मनपा की सेवा में होंगे शामिल
लाड-पागे समिति की सिफारिशें होंगी लागू

Nagpur News महानगरपालिका में सेवानिवृत्त अथवा मृत सफाई कर्मचारियों के परिवार के सदस्य के लिए लाड-पागे समिति की सिफारिशों को लागू करने का फैसला राज्य सरकार ने किया है। इस संबंध में जारी अधिसूचना के बाद अब मनपा के 4407 सफाई कर्मचारियों को मनपा की सेवा में समाविष्ट किया जा सकेगा। इस मामले में मध्य नागपुर के विधायक प्रवीण दटके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अथक प्रयास किया है। विधायक दटके ने विधानसभा में इस मामले को जोर-शोर से उठाया था।

अनुकंपा आधार पर लेने का निर्णय : महानगरपालिका के 4407 कर्मचारियों को सफाई कर्मचारियों के पद पर समाविष्ट करने का निर्णय राज्य सरकार ने मान्य किया है। सफाई कर्मचारियों के 8560 पदों को मान्य कर 4407 सफाई कर्मचारियों को शामिल किया गया है। मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने सफाई कर्मचारियों को महापालिका की सेवा में समाविष्ट करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था।

प्रस्ताव को मान्यता देकर राज्य सरकार ने शहर के सफाई कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा आधार पर लेने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब महानगरपालिका में 20 सितंबर 2019 से 10 मई 2023 की समयावधि में अधिसंख्य पद पर शामिल कर्मचारी के सेवानिवृत्त अथवा मृत होने पर उत्तराधिकारी को लाड-पागे समिति की सिफारिश अनुसार वारसा अधिकार का लाभ दिया जा सकेगा।

दोहरा लाभ संभव : सरकार के निर्णय से 10 मई 2023 के बाद अधिसंख्य पद पर समाविष्ट कार्यरत, सेवानिवृत्त एवं मृत करीब 3841 सफाई कर्मचारियों के वारिस को लाड-पागे समिति के तहत उत्तराधिकार का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही महानगरपालिका में 20 वर्ष सेवा पूर्ण करने वाले अधिसंख्य पद पर कार्यरत कर्मचारियों के परिजनों को लाभ मिलेगा। इस श्रेणी में ऐवजदार कर्मचारियों की संख्या 421 बनी हुई है। इसके अलावा 20 सितंबर 2019 से 10 मई 2023 में अधिसंख्य पद पर शामिल सेवानिवृत्त और मृत कर्मचारियों के वारसदार को लाभ देने के लिए एक साल की समयावधि भी निर्धारित की गई है।

Created On :   10 Oct 2025 3:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story