सियासत में उबाल: पटोले ने कहा - विधायकों को संभाल नहीं पा रहे सीएम-डीसीएम, बावनकुले बोले गोलीबारी मामले की होगी जांच

पटोले ने कहा - विधायकों को संभाल नहीं पा रहे सीएम-डीसीएम, बावनकुले बोले गोलीबारी मामले की होगी जांच
  • पटोले का सरकार पर बड़ा निशाना
  • मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री अपने विधायकों को संभाल नहीं पा रहे
  • गोलीबारी मामले की होगी जांच करवाएगी सरकार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री अपने विधायकों को संभाल नहीं पा रहे हैं। विधायकों की दादागिरी के कारण राज्य में कानून व्यवस्था पर खतरा है। महायुति सरकार को इस्तीफा देना चाहिए। शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में पटोले ने कहा कि पुलिस थाने में बैठकर भाजपा विधायक ने गोलीबारी करके साफ संकेत दिया है कि राज्य में महायुति के नेताओं पर सत्ता की गर्मी है। पुलिस अधिकारी भी दहशत में हैं। नेताओं की बात नहीं सुनने पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए जाते हैं। गोलीबारी करनेवाले विधायक गणपत गायकवाड़ के प्रकरण में भाजपा क्या करेगी, इस ओर सभी का ध्यान है। सभी ओर अपराध है। जनता के पैसे लूटे जा रहे हैं। एक प्रश्न पर पटोले ने कहा कि वंचित बहुजन आघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर ने इंडिया गठबंधन के बारे में बोला है, महाविकास आघाड़ी के संबंध में नहीं। मैं उस बैठक में था। सभी मिलकर भाजपा को पराजित करने की तैयारी में है। सीट साझेदारी को लेकर महाविकास आघाड़ी में कोई तनाव नहीं है। अन्न व आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल किस दल में जाएंगे, यह उन्हें ही तय करना है।

उल्हासनगर में गोलीबारी प्रकरण को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि प्रकरण की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार इस प्रकरण की गहराई से पड़ताल कराएंगे। प्रकरण को लेकर कोई भी निराधार निष्कर्ष न निकालें। समाज को भ्रमित करने का प्रयास न करें। उल्हासनगर के पुलिस थाने में भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने गोलीबारी की। भूखंड विवाद से संबंधित इस प्रकरण को लेकर भाजपा व महायुति पर विविध आरोप लगाए जा रहे हैं। बावनकुले ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था सक्षम है। शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा-मुझे मिली जानकारी के अनुसार गायकवाड़ ने जान बचाने के लिए गोली चलाई। गहन जांच से सचाई सामने आएगी। गलती चाहे जिसकी भी हो, इस तरह के अपराध का समर्थन नहीं किया जा सकता है। यह भारतीय व सभ्य समाज का संस्कार नहीं है। विपक्ष के आरोपों को लेकर बावनकुले ने कहा-ऐसी घटनाओं से दल की बदनामी हाेती है। लेकिन जांच से घटना की वास्तविकता पता चलेगी। सरकार से इस्तीफे की मांग करना विपक्ष का काम है।

पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारतरत्न सम्मान की घोषणा को लेकर बावनकुले ने कहा कि यह आनंद व अभिमान की बात है। स्वतंत्रता के बाद देश की राजनीति में आडवाणी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत्योदय के लिए जीवन भर समर्पित रहे। भाजपा को शून्य से लेकर देश में सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में आडवाणी का बड़ा योगदान रहा है।



Created On :   4 Feb 2024 10:38 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story