सुसाइड की कोशिश: दुष्कर्म के आरोपी ने कंबल की रस्सी बनाकर लॉकअप में किया आत्महत्या का प्रयास

दुष्कर्म के आरोपी ने कंबल की रस्सी बनाकर लॉकअप में किया आत्महत्या का प्रयास
  • बालिका से दुष्कर्म का है आरोपी
  • प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले गया था
  • बालिका के परिजनों ने पुलिस में की शिकायत

डिजिटल डेस्क, नागपुर । बालिका से दुष्कर्म के आरोपी ने हुड़केश्वर थाने के लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन एक पुलिस कर्मचारी की सतर्कता बड़ी अनहोनी टल गई। आरोपी शेख तौसीफ शेख फैजान ताज (23), शहंशाह चौक, बड़ा ताजबाग निवासी है। आरोपी पर अपहरण, दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट 363, 376 व सहधारा 4 पोक्सो का मामला दर्ज है। इस घटना से एक बार फिर हुड़केश्वर थाना चर्चा का विषय बन गया है। इससे पूर्व एक फोटोग्राफर से उगाही करने व एक रेत टिप्पर चालक से वसूली को लेकर चर्चा में आया था।

दो दिन की पुलिस रिमांड पर था

शेख तौसिफ ने एक नाबालिग बालिका को प्रेमजाल में फंसाया और उसे घर से भागकर शादी करने का लालच दिया। गत सप्ताह बालिका के परिजन जब मंदिर गए थे तब मौका पाकर शेख तौसिफ उसे भगा ले गया। बालिका के अचानक घर से गायब होने पर परिजनों ने हुड़केश्वर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और गत 21 जनवरी को शेख तौसिफ को उसके घर से गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड में भेजा था। इस दौरान आरोपी शेख तौसिफ ने ठंड से बचने के लिए दिए गए कंबल को एक किनारे से फाड़कर गत 22 जनवरी को रात करीब 8.30 बजे रस्सी बनाकर करीब 9 बजे थाने के लॉकअप में लोहे की जाली को बांधकर फांसी लगा ली।

कुछ समय पश्चात एक महिला पुलिस कर्मचारी का लॉकअप की ओर ध्यान जाने पर आरोपी की करतूत नजर आ गई। पुलिस ने भागदौड़ कर उसे फंदे से नीचे उतारा। बेहोश शेख तौसिफ को मेडिकल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार शुरू है। बताया जाता है कि हवालात की ड्यूटी पर एएसआई नंदकिशोर तायडे तैनात थे और महिला कर्मचारी को बताकर बाथरूम गए थे। पुलिस ने आरोपी तौसिफ पर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज किया है। उपचार के बाद आरोपी को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजा आरोपी शेख तौसिफ को मेडिकल में उपचार के बाद 23 जनवरी को पुलिस रिमांड समाप्त होने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


Created On :   24 Jan 2024 7:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story