तफ्तीश जारी: एक ही दिन दो जगहों से काटे चंदन के पेड़, पकड़े जाने के डर से नाले में फेंका

एक ही दिन दो जगहों से काटे चंदन के पेड़, पकड़े जाने के डर से नाले में फेंका
कोई भी अधिकारी शिकायत लेकर अभी तक नहीं आया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर से चंदन के पेड़ो की चोरी करनेवाले आरोपी साबिर खान अजीज खान पठान (34) और मो. फकीर खान अयूब खान पठान (23), कठोरा बाजार, भोकरदन, जालना निवासी को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों की गुरुवार को पुलिस रिमांड समाप्त हो रही है। इन्हें आज सीताबर्डी पुलिस न्यायालय के समक्ष पेश करेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी साबिर खान, मोहम्मद फकीर खान ने अपने साथी इमरान खान के साथ मिलकर लॉट नं.-306 , रवींद्रनाथ टैगोर रोड बूटी बंगला, सिविल लाइंस निवासी यशोधन जयंतराव घुटी (51) के बंगला परिसर से चंदन के पेड़ काटकर ले गए थे। आरोपियों ने इसी दिन महाराजबाग से भी चंदन का एक पेड़ काटकर ले गए। आरोपियों ने घुटी के बंगला परिसर और महाराजबाग से एक ही दिन में चंदन के पेड़ काटकर ले गए थे। आरोपियों से नागपुर शहर स्थित 9 जगहों से चंदन के पेड़ काटने के मामले उजागर किया है। यह किसे माल बेचते थे। इन बारे में पता लगने पर बड़ी लिंक सामने आ सकती है।

चंदन के पेड़ को नाले में फेंकने की चर्चा : चर्चा यह भी है कि पकड़े जाने के डर से आरोपियोंे ने महाराजबाग से काटे गए चंदन के पेड़ को किसी नाले में फेंकने की जानकारी पुलिस को दी है। ताजुब की बात यह है कि महाराजबाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी चंदन के पेड़ के काटे जाने की घटना की शिकायत करने आगे नहीं आया। चंदन के पेड़ चोरी होने की शिकायत आरोग्य अासन मंडल के कुछ पदाधिकारी सीताबर्डी थाने में करने गए थे। महाराजबाग के अंदर आरोग्य आसन मंडल का कार्यालय है, लेकिन कुछ वर्ष से मंडल के कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ताला लगा हुआ है। चर्चा है कि महाराजबाग के कुछ अधिकारियों ने ताला लगवा दिया है, ताकि महाराजबाग के अंदर होने वाली अनियमितताओं के बारे में बाहर बात न जा सके।

रिकार्ड खंगालेंगे वरिष्ठ अधिकारी : सूत्रों से जानकारी मिली है कि आरोपी साबिर खान और मोहम्मद फकीर खान को जब पुलिस ने म्यूर मेमोरियल अस्पताल से चंदन के पेड़ की रेकी करते हुए पकड़ा था। तब इनमें से एक आरोपी की तबीयत खराब हो गई थी, उसे मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया था। मेयो अस्पताल में भर्ती आरोपी की तबीयत के बारे में पूछताछ करने पर जांच टीम ने काफी गोपनीयता बरती थी। अब चर्चा है कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अचानक तबीयत खराब होनेवाले आरोपी के बारे में मेयो अस्पताल की रिपोर्ट मांगी है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कहीं गिरफ्तार आरोपियों को मदद पहुंचाने का प्रयास तो नहीं किया गया है। उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर दूसरे आरोपी से पुलिस ने क्या जानकारी उगलवाई है। इसके बारे में मंथन शुरू हो गया है।

Created On :   7 Dec 2023 8:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story