तैयारी: नागपुर, चंद्रपुर सहित राज्य की 5 लोकसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा जल्द

नागपुर, चंद्रपुर सहित राज्य की 5 लोकसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा जल्द
  • निरीक्षक के सामने पदाधिकारी बोले, नागपुर से गडकरी के अलावा कोई और नहीं
  • उम्मीदवार के तौर पर नाम बंद लिफाफे के माध्यम से सुझाया जा सकता है
  • लंबी है इच्छुक उम्मीदवारों की लिस्ट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज होने लगी है। संकेत मिले है कि नागपुर, चंद्रपुर, जलगांव सहित राज्य में लोकसभा की करीब 5 सीटों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जा सकती है। भाजपा के केंद्रीय निरीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवार चयन के लिए आवश्यक सुझाव लिए जा रहे हैं। इस बीच नागपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नितिन गडकरी का नाम एकमत से सामने आया है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा है कि नागपुर से गडकरी के अलावा किसी अन्य के बारे में फिलहाल सोचा भी नहीं जाना चाहिए।

गडकरी को ही उम्मीदवार बनाया जाए : भाजपा में गणेशपेठ स्थित शहर कार्यालय में बैठक में उम्मीदवार के संबंध में चर्चा हुई। भाजपा के चुनाव निरीक्षक सांसद मनोज कोटक व पूर्व सांसद अमर साबले ने पदाधिकारियों से चर्चा की। चर्चा के आरंभ में ही निरीक्षकों की ओर से कहा गया कि उम्मीदवार के तौर पर नाम बंद लिफाफे के माध्यम से सुझाया जा सकता है। बंद कमरे में अलग अलग पदाधिकारियों से चर्चा करने को भी कहा गया। लेकिन पदाधिकारियों ने साफ कह दिया कि अलग से बात करने की आवश्यकता नहीं है। सभी का मत था कि गडकरी को ही उम्मीदवार बनाया जाए।

भाजपा कार्यालय में बैठक में 70 प्रमुख पदाधिकारियों को बुलाया गया था। खबर है कि 55 पदाधिकारी बैठक में पहुंचे। निरीक्षक कोटक व साबले ने शहर के विधायकों से फोन पर सुझाव लिए। ये विधायक विधानमंडल के बजट सत्र के लिए मुंबई गए हैं। नागपुर से उम्मीदवार के संबंध में भाजपा के शहर अध्यक्ष बंटी कुकड़े ने प्रमुखता से पदाधिकारियों का मत व्यक्त किया। निरीक्षक ने कहा कि चुनाव में पार्टी को 51 प्रतिशत से अधिक मतदान दिलाने का प्रयास होना चाहिए। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष संजय भेंडे, महासचिव धर्मपाल मेश्राम, शहर महासचिव संदीप गवई, पूर्व विधायक गिरीश व्यास, पूर्व विधायक सुधाकर देशमुख प्रमुखता से उपस्थित थे।

आशीष पांडे बने भाजपा के शहर उपाध्यक्ष : भाजपा के शहर उपाध्यक्ष पद पर आशीष पांडे को नियुक्त किया गया है। शहर अध्यक्ष बंटी कुकड़े ने यह नियुक्ति की। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा में सक्रिय रहे पांडे ने शहर युवा मोर्चा में भी संगठनात्मक योगदान दिया है। विविध खेल, कला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं। अपनी नियुक्ति पर पांडे ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व सांसद दत्ता मेघे, विदर्भ संगठन मंत्री उपेंद्र कोठेकर, पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, संजय पांडे का अाभार माना है।

Created On :   1 March 2024 5:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story