तापमान: विदर्भ में हो सकता है द्रोणिका का असर - होगी हल्की बारिश, रहेगा मौसम ठंडा

विदर्भ में हो सकता है द्रोणिका का असर - होगी हल्की बारिश, रहेगा मौसम ठंडा
  • 22, 23 व 24 को बारिश होने की संभावना
  • कड़ाके की ठंड की संभावना नहीं
  • कई इलाकों में बिजली गुल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अलग-अलग दिशा से आ रही हवा के कारण आसमान में बादल छा रहे हैं। वातावरण में नमी तैयार होने से नागपुर जिले में शनिवार को विभिन्न स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बारिश होने के बाद रात को मौसम ठंडा हो गया। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

तैयार हो रही द्रोणिका

मौसम विभाग के अनुसार, द्रोणिका तैयार हो रही है और यह द्रोणिका नागपुर समेत पूर्वी विदर्भ से गुजर सकती है। द्रोणिका के कारण नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली व चंद्रपुर में 22, 23 व 24 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान गिरेगा और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। 21 से 24 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में धूप खिलेगी, लेकिन बादलों के कारण दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और बारिश होने की संभावना है।

कड़ाके की ठंड की संभावना नहीं

फिलहाल दक्षिण-पूर्वी व उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। हवा के आपस में टकराने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसी कारण बादल छा रहे हैं। शनिवार को नागपुर में जो हल्की बारिश हुई, वह इसी का असर है। 21 को आसमान में आंशिक रूप से बादल रहेंगे आैर बूंदाबांदी हो सकती है। 22, 23 व 24 जनवरी को द्रोणिका के कारण हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बावजूद कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है।

कई इलाकों में बिजली गुल

शनिवार रात को अचानक हुई हल्की बारिश के बाद शहर में कई इलाकों में बिजली गुल हुई। महावितरण के सिविल लाइन्स, कांग्रेस नगर व गांधीबाग विभाग में कुछ इलाकों में बिजली गुल रही। कुछ जगह तकनीकी कारणों से बिजली गुल हुई तो कुछ जगह एहतियात के तौर पर बिजली गुल की गई थी। कुछ समय बाद ही बिजली आपूर्ति पूर्ववत हो गई। अचानक आई बारिश से लोग बीच रास्ते में भीग गए थे।

Created On :   21 Jan 2024 11:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story